Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

बंगलादेश के खिलाफ शुरू होगा भारत का विश्व कप क्वालीफायर अभियान

August 28, 2023

बंगलादेश के खिलाफ शुरू होगा भारत का विश्व कप क्वालीफायर अभियान

सलालाह: भारतीय पुरुष हॉकी टीम मंगलवार को यहां बंगलादेश के खिलाफ पुरुष एशियाई हॉकी 5एस विश्व कप क्वालीफायर में अपने अभियान की शुरुआत करेगी। भारत को 29 अगस्त से दो सितंबर तक होने वाले टूर्नामेंट के एलीट पूल में मलेशिया, पाकिस्तान, जापान, ओमान और बंगलादेश के साथ रखा गया है, जबकि चैलेंजर्स पूल में हांगकांग चीन, इंडोनेशिया, अफगानिस्तान, कजाकिस्तान और ईरान शामिल हैं।

बंगलादेश के खिलाफ अपनी शुरुआती मुकाबले के बाद भारतीय पुरुष बुधवार को ओमान और पाकिस्तान के खिलाफ एक-एक मैच खेलेंगे, जबकि गुरुवार को उनका सामना मलेशिया और जापान से होगा। भारतीय टीम 2024 एफआईएच हॉकी 5एस विश्व कप में जगह पक्की करने के लिये शीर्ष तीन में जगह बनाने की उम्मीद के साथ क्वालीफायर में उतरेगी। उल्लेखनीय है कि 2024 एफआईएच हॉकी 5एस विश्व कप में कुल 16 देश हिस्सा लेंगे।

मेजबान देश होने के नाते ओमान ने पहले ही टूर्नामेंट में जगह बना ली है। एशियाई क्वालीफायर में शीर्ष तीन स्थानों पर रहने वाले देशों के अलावा अफ्रीका, अमेरिका, यूरोप और ओशिनिया में महाद्वीपीय प्रतियोगिताओं के शीर्ष तीन देश भी 2024 5एस विश्व कप में हिस्सा लेंगे। आखिरी बार, भारत और बंगलादेश एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी ढाका 2021 में आमने-सामने आये थे, जहां भारत ने 9-0 की जीत अर्जित की थी।

ओमान के खिलाफ भारत की आखिरी भिड़ंत एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2018 में हुई थी, जिसे भारत ने 11-0 से जीता था। पाकिस्तान के विरुद्ध भारत ने हालिया एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी 2023 में 4-0 से ठोस जीत हासिल की थी। मलेशिया के खिलाफ भारत की आखिरी भिड़ंत उसी प्रतियोगिता के फाइनल में हुई थी जहां हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली टीम ने रोमांचक मुकाबले के बाद मलेशिया को 4-3 से हराया था।

उस टूर्नामेंट में भारत ने जापान को भी 5-0 से मात दी थी। अपनी प्रतिभा के दम पर भारत यह टूर्नामेंट जीतने का प्रबल दावेदार है और कप्तान मनदीप मोर भी आत्मविश्वास से भरे हुए हैं।मनदीप ने मैच से पहले कहा,‘‘हर खिलाड़ी का सबसे बड़ा सपना हमेशा विश्व कप में देश का प्रतिनिधित्व करना होता है। यह हमारे लिये एक महत्वपूर्ण टूर्नामेंट है और हम 2024 एफआईएच हॉकी 5एस विश्व कप के लिये सीधी योग्यता हासिल करना चाहते हैं।’’

उन्होंने कहा,‘‘हमने आगामी प्रतियोगिता के लिये खुद को अच्छी तरह से तैयार किया है। हमें विश्वास है कि हम टूर्नामेंट में सकारात्मक नतीजे प्राप्त करने और शीर्ष-तीन में स्थान हासिल करने में सक्षम होंगे।’’ भारत के उप-कप्तान मोहम्मद राहील मौसीन ने कहा,‘‘2024 एफआईएच हॉकी 5एस विश्व कप के लिए क्वालीफिकेशन को ध्यान में रखते हुए हम सभी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहते हैं।

हम अच्छी स्थिति में हैं और कई अच्छे प्रशिक्षण सत्रों से गुजरे हैं। हमारे सामने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद हम सभी उत्सुकता से टूर्नामेंट की शुरुआत का इंतजार कर रहे हैं। हम अपनी योजनाओं पर कायम रहेंगे और अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिये टूर्नामेंट में जल्दी जीत हासिल करने की उम्मीद करेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें