Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

श्रीलंका की एशिया कप टीम में तीन युवा गेंदबाज

August 30, 2023

श्रीलंका की एशिया कप टीम में तीन युवा गेंदबाज

 

कोलंबो: चोट के कारण तीन अनुभवी तेज़ गेंदबाज़ों के टीम से बाहर होने के बाद श्रीलंका ने बिनुरा फर्नांडो और प्रमोद मदुशन को एशिया कप स्क्वाड में शामिल किया है। श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की। लेगस्पिन-गेंदबाजी ऑलराउंडर दुशान हेमंता ने भी वानिंदु हसरंगा के प्रतिस्थापन के रुप में टीम में जगह बनायी है, जबकि कुसल परेरा भी दो साल बाद वनडे टीम का हिस्सा बने हैं।

चार वनडे मैच खेल चुके फर्नांडो और एक वनडे मैच खेल चुके मदुशन चोटग्रस्त दुशमंता चमीरा, दिलशान मदुशंका और लाहिरु कुमारा की अनुपस्थिति में टीम में आए हैं। लाहिरु की चोट जहां छोटी है, वहीं चमीरा और मदुशंका पांच अक्टूबर से शुरु होने वाले विश्व कप के लिये भी समय पर फिट होने के लिये संघर्ष कर रहे हैं। जांघ में खिंचाव के कारण टीम से बाहर हुए हसरंगा एशिया कप के अंत में खेल सकते थे, लेकिन विश्व कप की निटकता को देखते हुए एसएलसी ने चोट के बढ़ने का जोखिम नहीं उठाने का फैसला किया है।

इसके अलावा मथीशा पथिराना और कसुन रजिता श्रीलंका के तेज गेंदबाज हैं, वहीं बाएं हाथ के स्पिनिंग ऑलराउंडर डुनिथ वेलालगे स्पिन-गेंदबाजी समूह में हेमंता और महेश तीक्षणा के साथ शामिल हुए हैं। श्रीलंका अपना पहला एशिया कप मैच गुरुवार को बंगलादेश के खिलाफ खेलेगा।

एशिया कप के लिए श्रीलंकाई टीम : दासुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, डिमुथ करुणारत्ने, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कुसल परेरा, धनंजय डी सिल्वा, चरित असलंका, सदीरा समराविक्रमा, डुनिथ वेलालगे, महीश तीक्षणा, मथीशा पथिराना, कसुन रजिता, दुशान हेमंता, बिनुरा फर्नांडो, प्रमोद मदुशन।

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें