Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

चक्की पुल को दोपहिया वाहनों के लिए खोलने को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों ने SDM को दिया ज्ञापन

August 30, 2023

चक्की पुल को दोपहिया वाहनों के लिए खोलने को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों ने SDM को दिया ज्ञापन

नूरपुर (पंकज कौशल) : लंबे समय से बंद चक्की पुल को दोपहिया वाहनों के लिए खोलने को लेकर बुधवार को नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पंचायत प्रतिनिधियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर विश्व हिंदू महासंघ के रविंदर समकड़िया और महासंघ के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। वहीं अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संघ के सह निदेशक राजेश पठानिया भी उपस्थित रहे। ज्ञापन में इन प्रतिनिधियों ने चक्की पुल को दोपहिया वाहनों के लिए शीघ्र खोलने की मांग की।

पंचायत प्रधान सिकंदर राणा और बासा वजीरा के प्रधान उदय पठानिया ने बताया कि यह पुल पिछले एक वर्ष से बंद है जिसमें पहले दोपहिया और हल्के चौपहिया वाहनों को गुजरने की परमिशन थी लेकिन पिछले लगभग तीन महीनों से इस पुल को सभी प्रकार के वाहनों के लिए बन्द कर दिया गया। इससे रोज़मर्रा के काम के लिए जाने वाले लोगों को वाया भदरोया लंबे और जर्जर रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे महंगे सफर के साथ वक्त की बर्बादी भी होती है।

उदय पठानिया ने कहा कि इस पुल के निर्माण कार्य में जितनी लागत लगी है उससे कहीं ज्यादा खर्चा एक साल में इस पुल की मेंटनेंस में एनएचएआई खर्च कर चुका है। लेकिन इतना खर्च करने के बाद भी परिणाम शून्य रहा। उन्होंने इसकी भी जांच करवाने की मांग की। इन सभी पंचायत प्रतिनिधियों ने मांग की कि कम से कम दोपहिया वाहनों को चक्की पुल से गुजरने की परमिशन दी जाए जिससे आम जनता को राहत मिल सके।

वहीं एसडीएम नूरपुर गुरसिमर सिंह बताया कि वो जनता की परेशानी से भली भांति परिचित है लेकिन भारी बारिशों के कारण पुल के पिलरों को भारी नुक़सान पहुंचा था जिस कारण इस पुल को पूरी तरह बंद किया गया था। उन्होंने कहा कि इसे लेकर एनएचएआई के साथ शीघ्र बैठक की जा रही है और अगर मौसम साफ रहा तो 15 सितम्बर को इस पुल को दोपहिया वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। उसके बाद इसकी मरम्मत करके 15 अक्टूबर तक हल्के चौपहिया वाहनों के लिए भी खोलने का प्रयास रहेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें