Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

सबालेंका अमेरिकी ओपन के क्वार्टर फाइनल में, झेंग किनवेन भी बढ़ी आगे

September 5, 2023

सबालेंका अमेरिकी ओपन के क्वार्टर फाइनल में, झेंग किनवेन भी बढ़ी आगे

 

न्यूयॉर्क: आर्यना सबालेंका ने इगा स्वियातेक की जगह विश्व `रैंकिंग में नंबर एक पर अपना स्थान सुनिश्चित करने के बाद शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। सबालेंका ने सोमवार की रात को खेले गए मैच में 13वीं वरीयता प्राप्त डारिया कसातकिना को 6-1, 6-3 से पराजित किया।

उन्होंने विश्व में शीर्ष रैंकिंग हासिल करने के बारे में कहा,‘‘ मैंने इस मुकाम पर पहुंचने के लिए पूरे साल कड़ी मेहनत की। यह वास्तव में मेरे लिए काफी मायने रखता है। यह मेरे परिवार के लिए बहुत मायने रखता है। यह अविश्वसनीय है। शीर्ष वरीयता प्राप्त स्वियातेक के रविवार को चौथे दौर में बाहर होने के बाद सोमवार को तीसरी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला और पांचवीं वरीयता प्राप्त ओंस जाबेउर को भी हार का सामना करना पड़ा।

चौथी वरीयता प्राप्त इलेना रायबाकिना पहले ही बाहर हो गई थी। दूसरी वरीयता प्राप्त सबालेंका क्वार्टर फाइनल में चीन की 23वीं वरीयता प्राप्त झेंग किनवेन से भिड़ेगी जिन्होंने पिछले साल की उपविजेता जाबेउर को सीधे सेटों में 6-2, 6-3 हराकर पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के अंतिम आठ में प्रवेश किया। विंबलडन चैंपियन मार्केटा वोंद्रोसोवा भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं जहां उनका मुकाबला मैडिसन कीज़ से होगा।

\कीज़ ने पेगुला को 6-1, 6-3 से जबकि वोंद्रोसोवा ने गैर वरीय अमेरिकी पेयटन स्टर्न्स को 6-7 (3), 6-3, 6-2 से हराया। पुरुष वर्ग में सोमवार मौजूदा चैंपियन कार्लोस अल्कराज ने सीधे सेटों में जीत दर्ज की जबकि 2021 के चैंपियन दानिल मेदवेदेव भी अंतिम आठ में पहुंचने में सफल रहे जहां उनका सामना हमवतन रूसी खिलाड़ी आंद्रे रुबलेव से होगा।

रुबलेव ने जैक ड्रेपर को 6-3, 3-6, 6-3, 6-4 से और मेदवेदेव ने 13वें वरीय एलेक्स डी मिनौर को 2-6, 6-4, 6-1, 6-2 से हराया। इससे पहले अल्कराज ने गैर वरीयता प्राप्त माटेओ अर्नाल्डी को 6-3, 6-3, 6-4 से पराजित करके तीसरी बार अमेरिकी ओपन के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

 

_

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें