Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

हमारा फोकस सिर्फ पाकिस्तान पर नहीं वर्ल्ड कप ट्रॉफी पर होना चाहिए : गंभीर

September 5, 2023

हमारा फोकस सिर्फ पाकिस्तान पर नहीं वर्ल्ड कप ट्रॉफी पर होना चाहिए : गंभीर

 

नई दिल्ली: पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर का मानना है कि भारतीय टीम को चाहिए कि वो अपना फोकस केवल पाकिस्तान के मैच पर ना रखे बल्कि वर्ल्ड कप जीतने पर ध्यान दे। भारत-नेपाल एशिया कप मुकाबले के बाद स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए गौतम गंभीर ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच ‘विश्व कप जीतने की दिशा में महज एक कदम है‘। गंभीर ने कहा, ‘यह केवल 14 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बारे में नहीं है।

मुझे उम्मीद है कि यह भारत के विश्व कप फाइनल खेलने और कप जीतने के बारे में है, क्योंकि आप कभी नहीं जानते कि इस विश्व कप टीम से कितने लोग अगले विश्व कप का हिस्सा होंगे और यह 4 साल के बाद होता है।‘ उन्होंने आगे कहा, ‘एक राष्ट्र के रूप में हमारे लिए, प्रशंसकों के रूप में हमारे लिए और प्रसारक के रूप में हमारे लिए, सब कुछ केवल भारत और पाकिस्तान पर केंद्रित नहीं होना चाहिए।

यह विश्व कप जीतने के बारे में है। पाकिस्तान सिर्फ एक बाधा है। यह विश्व कप जीतने की दिशा में महज एक कदम है।‘गंभीर ने 2007 और 2011 विश्व कप में चैंपियनशिप जीतने वाली भारतीय टीमों को भी याद किया और इस बात पर जोर दिया कि उनका प्राथमिक ध्यान ट्रॉफी पर था। गंभीर ने कहा, ‘2007 में टी20 विश्व कप में हमने अपना अभियान पाकिस्तान के खिलाफ शुरू किया। हमने पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल खेला।

यह कभी भी केवल पाकिस्तान के बारे में नहीं था। 2011 में भी यह कभी पाकिस्तान के बारे में नहीं था, पाकिस्तान को हराना बस एक कदम था। इसलिए, जब एक प्रसारक, विशेषज्ञ के रूप में अगर हम केवल भारत बनाम पाकिस्तान के बारे में बात करना बंद कर दें और विश्व कप जीतने के बारे में सोचें, तो मुझे लगता है कि टीम इंडिया काफी बेहतर स्थिति में होगी।‘ दोनों देशों के बीच बड़ा मुकाबला जो पहले 15 अक्टूबर को होने वाला था। अब एक दिन पहले यानी 14 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें