Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

पश्चिम बंगाल उपचुनाव: धूपगुड़ी विधानसभा सीट पर 11 बजे तक 34 प्रतिशत से अधिक मतदान

September 5, 2023

पश्चिम बंगाल उपचुनाव: धूपगुड़ी विधानसभा सीट पर 11 बजे तक 34 प्रतिशत से अधिक मतदान

जलपाईगुड़ी: पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले की धूपगुड़ी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार पूर्वाह्न् 11 बजे तक 34 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि विधानसभा सीट के 260 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘अभी मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण है। सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं और पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल मौजूद हैं।’’

विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गयीं। उन्होंने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवान पहरा दे रहे हैं। मतदान शाम साढ़े छह बजे तक चलेगा। मार्क्‍सवादी कम्युनिस्टी पार्टी (माकपा) के ईश्वर चंद्र रॉय कांग्रेस-वामदल गठबंधन के उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं, जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने पेशे से शिक्षक निर्मल चंद्र रॉय को टिकट दिया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कुछ साल पहले कश्मीर में आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए सीआरपीएफ जवान की विधवा तापसी रॉय को अपना उम्मीदवार बनाया है। साल की शुरुआत में धूपगुड़ी से भाजपा विधायक बिशु पदा रे के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था। कांग्रेस-वामदल गठबंधन के प्रत्याशी ईश्वर चंद्र रॉय ने बरोघरिया ग्राम पंचायत में एक मतदान केंद्र पर वोट डाला जबकि तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी निर्मल चंद्र रॉय ने झार आल्टा ग्राम पंचायत में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

भाजपा प्रत्याशी तापसी रॉय ने गडोंग ग्राम पंचायत के केयट में कामत प्राइमरी स्कूल में वोट डाला। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित धूपगुड़ी विधानसभा क्षेत्र में लगभग 50 प्रतिशत राजबंशी और 15 प्रतिशत अल्पसंख्यक आबादी रहती है। भाजपा ने 2021 में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी से यह सीट छीन ली थी। इस सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतगणना आठ सितंबर को होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें