Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

नफरत मिटने और भारत के जुड़ने तक जारी है यात्रा : Rahul Gandhi

September 7, 2023

नफरत मिटने और भारत के जुड़ने तक जारी है यात्रा : Rahul Gandhi

नई दिल्लीः कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की पहली वर्षगांठ पर बुधवार को कहा कि उनकी यात्रा देश में ‘नफरत मिटने और भारत के जुड़ने’ तक जारी रहेगी। राहुल गांधी ने पार्टी के कई नेताओं के साथ करीब 4,000 किलोमीटर से अधिक की यात्रा की थी और इस दौराऩ उन्होंने समाज के विभिन्न वर्ग के लोगों से बातचीत की थी। यह यात्रा पिछले साल सात सितंबर को कन्याकुमारी से आरंभ हुई थी, जो इस वर्ष 30 जनवरी को श्रीनगर में समाप्त हुई थी। यात्रा 145 दिन चली थी।

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, कि ‘भारत जोड़ो यात्रा के एकता और मोहब्बत की ओर करोड़ों कदम, देश के बेहतर कल की बुनियाद बने हैं। यात्रा जारी है – नफ़रत मिटने तक, भारत जुड़ने तक। ये वादा है मेरा!’’ कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘हमारा देश बेलगाम महंगाई और बेरोजगारी से लगातार जूझ रहा है। सियासी रोटियां सेंकने के लिए नफरत की आग भड़काई जा रही है। भाई को भाई से लड़ाया जा रहा है। अन्नदाता अपने हक के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं और युवा रोजगार के लिए परेशान। जनता की आवाज कुचली जा रही है। लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है।

लोगों की सिसकियां और आह सुनने वाला कोई नहीं है।’’ कांग्रेस ने कहा, कि ‘‘हिंदुस्तान की फिजाओं में नफरत और डर का जहर घोलकर, देश को जरूरी मुद्दों से भटकाया जा रहा है। ऐसे में राहुल गांधी जी आगे आए और जिम्मेदारी उठाई। यह जिम्मेदारी देश से नफरत और डर को मिटाने की है।’’ मुख्य विपक्षी दल का कहना है, ‘‘हिंदुस्तान नफरत का नहीं, मोहब्बत का देश है। हां… और इसी जिम्मेदारी को आज पूरी दुनिया ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के नाम से जानती है।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें