Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

मानवीय संकट का सामना कर रहा सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक, 24 लाख लोगों को मदद की जरूरत: संयुक्त राष्ट्र

September 7, 2023

मानवीय संकट का सामना कर रहा सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक, 24 लाख लोगों को मदद की जरूरत: संयुक्त राष्ट्र

संयुक्त राष्ट्र: संयुक्त राष्ट्र के एक अधिकारी ने बुधवार को कहा कि सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक मानवीय संकट का सामना कर रहा है, जहां 24 लाख लोगों को सहायता की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा 53.4 करोड़ अमेरिकी डॉलर की मदद की अपील में केवल 36 प्रतिशत राशि ही मिल पाई है। सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक (सीएआर) में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के उप विशेष प्रतिनिधि मोहम्मद एजी अयोया ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 10 वर्षों के संघर्ष ने देश के भीतर पांच लाख लोगों को विस्थापित कर दिया है, जबकि सात लाख लोग पड़ोसी देशों में भाग गए हैं। खनिज संसाधान से समृद्ध इस देश की आबादी 60 लाख है।

अयोया ने कहा कि सीएआर ने चाड से लौटने वाले 38,000 लोगों और हाल में एक अन्य पड़ोसी देश सूडान से लौटने वाले 18,000 लोगों तथा शरण चाहने वालों के लिए भी अपने दरवाजे खोल दिए हैं, जहां प्रतिद्वंद्वी जनरल और उनके समर्थकों के बीच पिछले पांच महीने से संघर्ष जारी है। अयोया ने कहा कि सीएआर में ‘‘सिर्फ मानवीय संकट नहीं है, यहां वास्तव में सुरक्षा और लैंगिक संकट भी है।’’ उन्होंने कहा कि 2023 के पहले छह महीनों में लिंग आधारित हिंसा के सबसे ज्यादा 11,000 मामले दर्ज किए गए हैं और असली संख्या संभवत? अधिक है क्योंकि ये मामले हमेशा रिपोर्ट नहीं किए जाते हैं।

सीएआर 2013 से अंतरसांप्रदायिक लड़ाई का सामना करना पड़ रहा है, जब मुख्य रूप से मुस्लिम सेलेका विद्रोहियों ने सत्ता पर कब्जा कर लिया और तत्कालीन राष्ट्रपति फ्रैंकोइस बोजीज को सत्ता छोड़ने को मजबूर कर दिया। बाद में मुख्य रूप से ईसाई लड़ाकों ने हमले किए और नागरिकों को भी निशाना बनाया। संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि लड़ाई में हजारों लोग मारे गए हैं। सीएआर के राष्ट्रपति फॉस्टिन अर्चेंज टौडेरा ने रूस और वैगनर समूह के साथ घनिष्ठ संबंध विकसित किए हैं, जिनकी सेना ने उनके निजी अंगरक्षकों के रूप में काम किया है।

वैगनर ने राजधानी बंगुई को विद्रोहियों के खतरों से भी बचाया है और टौडेरा को 30 जुलाई के संवैधानिक जनमत संग्रह में जीत हासिल करने में मदद की है जो उनकी शक्ति को अनिश्चित काल तक बढ़ा सकता है। अयोया ने कहा कि 2021 और 2022 में देश के लिए संयुक्त राष्ट्र की मानवीय अपील में जरूरत के अनुरूप 95 प्रतिशत तक सहायता मिली थी। इस साल वर्तमान अपील के तहत 36 प्रतिशत राशि ही मिली है। संयुक्त राष्ट्र ने मंगलवार को घोषणा की कि वह अपने आपातकालीन राहत कोष से सीएआर को 65 लाख अमेरिकी डॉलर दे रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें