Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

Gujarat में 2 मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर, 5 लोगों की मौत

September 7, 2023

Gujarat में 2 मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर, 5 लोगों की मौत

राजकोटः गुजरात में राजकोट शहर के पास दो मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि सरधार-भूपगढ़ रोड पर बुधवार रात आठ बजे यह हादसा हुआ। तीन पीड़ित एक बाइक पर सवार थे जबकि दो अन्य पीड़ित दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार थे।

अजीदम थाने के उपनिरीक्षक एजे परमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे में शामिल एक चालक लापरवाही से बाइक चला रहा था और उसकी टक्कर विपरीत दिशा से आ रहे दोपहिया वाहन से हो गई। मृतकों की पहचान राजकोट जिले के साजादियाली गांव के निवासी दिलीप भूरिया (25), अजरुन मेड़ा (18), दिनेश राठौड़ (30), देवगन मकवाना (22) और राजेश राठौड़ (22) के रूप में हुई।

भूरिया, मेड़ा और दिनेश एक बाइक पर कुछ समान खरीदने के लिए सरधार गांव जा रहे थे जबकि मकवाना और राजेश अपनी मोटरसाइकिल पर सरधार से भूपगढ़ की ओर जा रहे थे। परमार ने बताया कि प्राथमिकी के मुताबिक, मकवाना लापरवाही से बाइक चला रहा था और उसका वाहन विपरीत दिशा से आ रही बाइक से टकरा गया।

परमार ने बताया, कि टक्कर के बाद, भूरिया की बाइक एक ऑटो रिक्शा से टकरा गई जबकि मकवाना की मोटरसाइकिल दूसरे वाहन से टकरा गई। पांचों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मकवाना के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें