Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

रोनाल्डो के बिना भी पुर्तगाल ने लक्जमबर्ग को 9-0 से रौंदा

September 12, 2023

रोनाल्डो के बिना भी पुर्तगाल ने लक्जमबर्ग को 9-0 से रौंदा

वाशिंगटोन: पुर्तगाल ने अपने स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बिना भी यूरोपीय चैंपियनशिप क्वालीफाइंग में लक्जमबर्ग को 9-0 से करारी शिकस्त देकर प्रतिस्पर्धी फुटबॉल में अपनी अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की।रोनाल्डो ग्रुप जे के पिछले मैच में दो पीले कार्ड मिलने के कारण एक मैच का निलंबन झेल रहे थे और इस कारण वह लक्जमबर्ग के खिलाफ मैदान पर नहीं उतर पाए।

पुर्तगाल को हालांकि इस मैच में उनकी कमी नहीं खली। अल्गार्वे में खेले गए इस मैच में उसकी तरफ से गोंकालो रामोस, गोंकालो इनासियो और डिओगो जोटा ने दो-दो जबकि रिकार्डो होर्टा, ब्रूनो फर्नांडीस और जोआओ फेलिक्स ने एक-एक गोल किया। अड़तीस वर्षीय रोनाल्डो ने अपने 123 अंतरराष्ट्रीय गोल में इजाफा करने का बेहतरीन मौका गंवाया लेकिन उन्हें ग्रुप चरण में अभी चार और मौके मिलेंगे।

पुर्तगाल की यह लगातार छठी जीत है। क्वालीफाइंग में किसी भी अन्य टीम ने इतनी जीत दर्ज नहीं की हैं। पुर्तगाल अब दूसरे नंबर पर काबिज स्लोवाकिया से पांच अंक आगे हो गया है। प्रत्येक ग्रुप से चोटी पर रहने वाली दो टीमें स्वत: ही क्वालीफाई करेंगी।यूरोपीय चैंपियनशिप के क्वालीफाइंग में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड अब भी जर्मनी के नाम है जिसने 2006 में सैन मेरिनो को 13-0 से हराया था।

ग्रुप के अन्य मैचों में स्लोवाकिया ने लिचेंटसीन को 3-0 से और आइसलैंड ने बोस्रिया-हर्जेगोविना को 1-0 से हराया। इस बीच ग्रुप डी में क्रोएशिया ने आर्मेनिया को 1-0 से हराया। उसकी तरफ से आंद्रे क्रामारिच ने 13वें मिनट में गोल किया जो आखिर में निर्णायक साबित हुआ। इस जीत से क्रोएशिया ग्रुप में शीर्ष पर पहुंच गया है। इसी ग्रुप के एक अन्य मैच में वेल्स ने लाटविया को 2-0 से पराजित किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें