Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा में छात्र की मौत का मामला: पुलिस को मिले सुसाइड नोट में स्कूल पर लगाया गया है आरोप

September 12, 2023

हरियाणा में छात्र की मौत का मामला: पुलिस को मिले सुसाइड नोट में स्कूल पर लगाया गया है आरोप

रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी स्थित स्कूल के छात्रवास में एक छात्र की मौत के मामले में पुलिस ने एक सुसाइड नोट बरामद किया है जिसमें छात्र ने आरोप लगाया है कि उसे स्कूल द्वारा परेशान किया जा रहा था और माहौल अच्छा नहीं था। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।पुलिस ने शुक्रवार को कहा था कि कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन अब सुसाइड नोट बरामद होने के बाद उसने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, 16 वर्षीय छात्र ने अपने सुसाइड नोट में लिखा, यहां का माहौल अच्छा नहीं है और मुझे परेशान किया जाता है। शिक्षक पढ़ाते नहीं हैं और सभी अवैध रूप से पैसा कमाने की कोशिश में लगे रहते हैं। हर किसी के लिये अफसर बनना संभव नहीं है। मैंने सभी से कहा कि मुझे स्कूल से बाहर करें, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। मेरे दोस्तों ने भी मुझे धोखा दिया। मैं बहुत तंग आ चुका हूं और इसे और बर्दाश्त नहीं कर सकता।पुलिस ने बताया कि 11वीं कक्षा के छात्र ने शुक्रवार तड़के इमारत की तीसरी मंजिल पर अपने छात्रवास के कमरे की बालकनी से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।

उसने बताया कि यह घटना गोथरा-पाली गांव के स्कूल परिसर में बने छात्रवास में हुई। छात्र ने एक सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें उसने स्कूल के अधिकारियों पर परेशान करने का आरोप लगाया है।पुलिस ने बताया कि यहां खोल पुलिस थाने में अज्ञत व्यक्तियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि जान गंवाने वाला छात्र पांच अन्य छात्रों के साथ छात्रवास में रहता था। रेवाड़ी के पुलिस उपाधीक्षक (सिटी) पवन कुमार ने कहा, ‘‘हमने सीसीटीवी फुटेज निकाला है और उसकी जांच कर रहे हैं। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। स्कूल के प्रधानाचार्य ने बताया कि मामले की जांच के लिये तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है।

उन्होंने कहा, यह समिति अपने स्तर पर पता लगाएगी कि छात्र की आत्महत्या के लिए कौन जिम्मेदार है। समिति पुलिस जांच से अलग काम करेगी। जांच के बाद ही हम इस मामले में कुछ बता पाएंगे। पुलिस ने बताया कि पीड़ित छात्र पिछले छह साल से स्कूल में पढ़ रहा था और छात्रवास में रहता था। सुसाइड नोट बरामद होने के बाद पीड़ित परिवार ने स्कूल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने बताया कि छात्र की तीन बहनें हैं और वह सबसे छोटा था। पवन कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें