त्रिपुरा भाजपा के तफज्जल हुसैन, बिंदु देबनाथ ने विधायक पद की शपथ ली
September 12, 2023
अगरतला: त्रिपुरा के बॉक्सानगर और धनपुर सीटों पर आठ सितंबर को हुए उपचुनाव में जीत दर्ज करने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता तफज्जल हुसैन और बिंदु देबनाथ ने मंगलवार को त्रिपुरा विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ ली।विधानसभा अध्यक्ष विश्वबंधु सेन ने मुख्यमंत्री माणिक साहा और मंत्रिमंडल के उनके सहयोगियों की उपस्थिति में दोनों को शपथ दिलाई। इस दौरान विपक्षी दलों के विधायक शपथ ग्रहण समारोह से दूर रहें।
मुख्यमंत्री ने कहा, हमने बॉक्सानगर और धनपुर में उपचुनाव पुरी ताकत से लड़ा और दोनों सीटों पर व्यापक अंतर से जीत हासिल की। लोगों ने उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवारों को बड़े पैमाने पर वोट दिया है। मेरा मानना है कि नये विधायक लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करेंगे। मंत्रिमंडल विस्तार से जुड़े सवाल पर साहा ने कहा, जब भी हम ऐसा कोई निर्णय लेंगे तो आप सभी को सूचित कर दिया जाएगा। वर्तमान में साहा के नेतृत्व वाली सरकार में नौ मंत्री हैं तथा इनमें अभी भी तीन और मंत्रियों के लिये जगह खाली है।