Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

Vladimir Putin ने Kim Jong Un का किया स्वागत, रॉकेट प्रक्षेपण केंद्र का कराया दौरा 

September 13, 2023

Vladimir Putin ने Kim Jong Un का किया स्वागत, रॉकेट प्रक्षेपण केंद्र का कराया दौरा 
सियोलः रूस और उत्तर कोरिया के नेताओं ने देश के सुदूर पूर्वी क्षेत्र में साइबेरियाई रॉकेट प्रक्षेपण केंद्र में मुलाकात की हैं। यह मुलाकात दर्शाती है कि अमेरिका के साथ जारी टकराव के बीच दोनों नेताओं के हित कैसे एक हो रहे हैं। मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने सोयूज-2 अंतरिक्ष रॉकेट प्रक्षेपण केंद्र का दौरा किया। इस दौरान उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने उन रॉकेट के बारे में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से सवाल पूछे। इस मुलाकात से कुछ देर पहले उत्तर कोरिया ने समुद्र की दिशा में दो बैलिस्टिक मिसाइल दागे।
वोस्तोचनी कॉस्मोड्रोम में मुलाकात का दोनों नेताओं का फैसला यह दर्शाता है कि किम अपने सैन्य टोही उपग्रह विकसित करने के प्रयासों में रूस से तकनीकी सहायता चाहते हैं, जिसे वह अपनी परमाणु मिसाइल क्षमता में इजाफा के लिए महत्वपूर्ण मानते हैं। हाल के महीनों में उत्तर कोरिया अपने पहले सैन्य जासूसी उपग्रह को कक्षा में पहुंचाने में कई बार नाकाम रहा है। क्या रूस उत्तर कोरिया को उपग्रह बनाने में मदद करेगा, इस सवाल पर रूस की सरकारी मीडिया ने पुतिन के हवाले से कहा, ‘‘इसलिए हम यहां आए हैं।
डेमोक्रेटिक पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ कोरिया (डीपीआरके) (उत्तर कोरिया) के नेता रॉकेट प्रौद्योगिकी में गहरी रुचि रखते हैं और वे इस क्षेत्र में अपना स्थान बनाने की कोशिश कर रहे हैं।’’ सैन्य सहयोग के बारे में पूछे जाने पर पुतिन ने कहा, ‘‘हम बिना किसी हड़बड़ी के सभी मुद्दों पर बात करेंगे। अभी इसमें समय है।’’ रूस की सरकारी मीडिया ने बताया कि किम उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग से अत्याधुनिक सुविधाओं और भारी हथियारों से लैस ट्रेन से लाई गई लिमोजीन कार के जरिये वोस्तोचनी कॉस्मोड्रोम पहुंचे।
पुतिन ने कॉस्मोड्रोम के प्रवेश द्वार पर किम का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और पुतिन ने कहा कि उन्हें ‘‘किम को देखकर बेहद खुशी हो रही है’’। किम के दुभाषिए ने गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए पुतिन का धन्यवाद किया और अपने व्यस्त कार्यक्रमों के बावजूद किम को आमंत्रित करने के लिए पुतिन का आभार जताया।
पुतिन के लिए किम के साथ यह बैठक गोला-बारूद के भंडार को फिर से भरने का एक अवसर है जो 18 महीने के युद्ध के कारण खत्म होता प्रतीत हो रहा है। किम के लिए यह संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों और वर्षों के राजनयिक अलगाव से बचने का एक मौका है। उम्मीद है कि किम आíथक सहायता और सैन्य प्रौद्योगिकी की मांग करेंगे, हालांकि उत्तर कोरिया के साथ हथियारों का सौदा उन अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों का उल्लंघन होगा जिनका रूस ने पूर्व में समर्थन किया था। दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने तुरंत यह नहीं बताया कि उत्तर कोरिया की मिसाइलें कितनी दूर तक उड़ीं। जापान के तट रक्षक ने तोक्यो के रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि मिसाइलें संभवत? पहले ही समुद्र में गिर चुकी हैं लेकिन फिर भी उन्होंने जहाजों से गिरने वाली वस्तुओं पर नजर रखने का आग्रह किया है।
किम की निजी ट्रेन मंगलवार तड़के रूस-उत्तर कोरिया सीमा पर एक स्टेशन खासन में रुकी, जहां सैन्य सम्मान गार्ड और ब्रास बैंड ने उसका स्वागत किया। उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया और सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो के अनुसार क्षेत्र के गवर्नर ओलेग कोजेमायाको और प्राकृतिक संसाधन मंत्री अलेक्जेंडर कोजलोव ने रेड कारपेट पर उनसे मुलाकात की हैं। उत्तर कोरिया की आधिकारिक समाचार एजेंसी ने बुधवार को बताया कि किम ने कहा कि अपनी पिछली यात्र के चार साल बाद रूस जाने का उनका निर्णय दिखाता है कि उत्तर कोरिया रूस के साथ अपने संबंधों के ‘‘रणनीतिक महत्व को प्राथमिकता’’ दे रहा है। अमेरिका ने उत्तर कोरिया पर रूस को हथियार मुहैया कराने का आरोप लगाया है, जिसमें रूस की निजी सेना वैग्नर समूह को तोपखाने के गोले बेचना भी शामिल है। रूस और उत्तर कोरिया के अधिकारियों ने ऐसे दावों से इनकार किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें