Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

कश्मीर मुठभेड़ में तीन वरिष्ठ अधिकारी घायल

September 13, 2023

कश्मीर मुठभेड़ में तीन वरिष्ठ अधिकारी घायल

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में बुधवार को आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सेना और पुलिस के कम से कम तीन वरिष्ठ अधिकारी घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोकरनाग इलाके में मुठभेड़ के दौरान सेना के दो अधिकारी और एक पुलिस उपाधीक्षक घायल हो गए। यह मुठभेड़ उस समय शुरू हुई, जब सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमें इलाके में घेराबंदी और तलाश अभियान (कासो) चला रही थीं। अधिकारियों ने कहा, ‘‘जैसे ही घेराबंदी की जा रही थी, आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें तीन अधिकारी घायल हो गए।

घायलों को हवाई मार्ग से सेना के श्रीनगर स्थित 92 अस्पताल ले जाया गया है।’’ मुठभेड़ के दौरान अभी तक किसी आतंकवादी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के अधिकारी घायल हो गए। पुलिस ने हालांकि, यह नहीं बताया गया कि कितने अधिकारी घायल हुए। पुलिस ने एक्स पर कहा, ‘‘अनंतनाग के कोकेरनाग इलाके में मुठभेड़ हुई। सेना और पुलिस के अधिकारी घायल हुए हैं।’’ इलाके में सुरक्षा बलों का अभियान जारी है और आतंकवादियों को खदेड़ने के लिए अतिरिक्त बलों को भी इलाके में भेजा गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें