Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

चोट के कारण पृथ्वी शॉ लम्बे समय के लिए क्रिकेट से हुए दूर

September 15, 2023

चोट के कारण पृथ्वी शॉ लम्बे समय के लिए क्रिकेट से हुए दूर

 

मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी पृथ्वी शॉ घुटने की चोट से जूझने के कारण लंबे समय के लिए क्रिकेट के मैदान से दूर हो गए हैं। ईएसपीएनक्रिकइंफो की खबर के मुताबिक पृथ्वी को चोट से उबरने के लिए तीन-चार महीने लग सकते है, इसका मतलब यह है कि वह निश्चित रूप से भारत के 2023-24 घरेलू सीज़न का एक बड़ा हिस्सा चूक जाएंगे जो एक अक्टूबर को राजकोट में ईरानी कप के साथ शुरू होने वाला है।

शॉ को डरहम के खिलाफ एक दिवसीय चैम्पियनशिप मैच में नॉर्थम्पटनशायर के लिए खेलते समय चोट लगी थी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बताया कि पृथ्वी शॉ तीन-चार महीनों के लिए क्रिकेट से दूर रहेंगे। इस दौरान वह रिहैब में रहेंगे। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने बताया, पृथ्वी के चोटिल होने के बाद एमआरआई की गई। इसमें पता चला कि उनके लिगामेंट में इंजरी है।

फिलहाल मेडिकल टीम शॉ के इलाज को लेकर सभी संभावित विकल्पों पर विचार कर रही है और सर्जरी ही आखिरी विकल्प होने की संभावना है। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के एक अधिकारी ने ईएसपीएनक्रिकइंफो को बताया कि शॉ 16 अक्टूबर से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी से शुरू होने वाली सीमित ओवरों की प्रतियोगिताओं में नहीं खेलेंगे। यह चोट शॉ के लिए एक बड़ा झटका है क्योंकि वह काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे और आगे बढ़ रहे थे।

वह चार पारियों में 429 रन के साथ एक दिवसीय प्रतियोगिता में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। गौरतलब है कि पृथ्वी ने नॉर्थम्पटनशायर के लिए एक मुकाबले में नाबाद 125 रन बनाए थे। उन्होंने इससे पहले 244 रनों की शानदार पारी खेली थी। पृथ्वी भारतीय क्रिकेट टीम से 2021 से दूर चल रहे हैं। उन्होंने टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच श्रीलंका के खिलाफ जुलाई 2021 में खेला था।

शॉ जुलाई में दलीप ट्रॉफी के लिए वेस्ट ज़ोन का हिस्सा थे जिसके बाद वह नॉर्थेंट््स के लिए एक दिवसीय प्रतियोगिता में खेलने के लिए इंग्लैंड गए। शॉ आखिरी बार फरवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टी20ई के लिए भारतीय टीम का हिस्सा थे और बाद में आईपीएल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए अच्छा प्रदर्शन नहीं दिया जिसमें उन्होंने 14 मैचों में से केवल आठ में 106 रन बनाए। शॉ ने अपनी वापसी पर खुशी व्यक्त करते हुये पिछले दिनो कहा था, ‘‘ मैं अगली गर्मियों में नॉर्थम्प्टनशायर वापस जाने के लिए बहुत उत्साहित हूं।

भले ही यह खेल जल्दी खत्म हो गया, मैंने वास्तव में वहां अपने समय का आनंद लिया। यह एक शानदार क्लब है और वहां सभी ने मेरा स्वागत किया। मैं वापसी के लिए इंतजार नहीं कर सकता। मेरा लक्ष्य हमेशा टीम को मैच जीतने में मदद करना है और इस बार मेरा घायल होना मेरे लिए बहुत निराशाजनक था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें