Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

विश्व कप से पहले लय में बने रहने के लिए एशिया कप जीतना अहम : गिल

September 16, 2023

विश्व कप से पहले लय में बने रहने के लिए एशिया कप जीतना अहम : गिल

 

कोलंबो: भारत के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने कहा कि रविवार को श्रीलंका के खिलाफ होने वाले एशिया कप फाइनल में जीत दर्ज करना महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे टीम अगले महीने शुरु होने वाले विश्व कप से पहले लय में रहेगी। गिल ने कहा कि एशिया कप जीतने से टीम आत्मविश्वास से भरी रहेगी। उन्होंने शुक्रवार को रात बांग्लादेश के खिलाफ सुपर फोर मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘हमारे लिए एशिया कप फाइनल जीतना बहुत अहम है क्योंकि हमें जीत की आदत बनानी होगी।

सही समय पर फॉर्म में आना और सही समय पर लय हासिल करना महत्वपूर्ण है। गिल ने कहा, ‘‘जीत की लय जारी रखना अहम है क्योंकि एक या दो मैच गंवाने से दबाव बन सकता है। यहां खिताब जीतने से हमारी लय बनी रहेगी और विश्व कप से पहले हमारा आत्मविश्वास बढ़ा रहेगा। भारत को शुक्रवार को इस मैच में छह रन से हार का सामना करना पड़ा जिसमें गिल ने शतकीय पारी खेली।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि हमने किसी तरह की लय गंवायी है। मुझे लगता है कि हमने बांग्लादेश के निचले क्रम के बल्लेबाजों को 10-15 रन अतिरिक्त बनाने दिये। लेकिन इसके अलावा हमने अच्छा क्रिकेट खेला। गिल ने कहा, ‘‘लेकिन इस तरह के विकेट पर ये चीजें होती रहती हैं। उम्मीद करता हूं कि हम यहां इन चीजों से सीख लेकर एशिया कप फाइनल और विश्व कप में इसका फायदा उठायेंगे।

उन्होंने कहा कि श्रीलंकाई टीम अच्छा क्रिकेट खेल रही है और फाइनल में उन्हें हराने के लिये भारत को अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा। गिल ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि वे शानदार लय में हैं। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ पिछला मैच जिस तरह से जीता, उसे देखना शानदार रहा। इस सलामी बल्लेबाज ने कहा, ‘‘हमें उन्हें हराने के लिए अपना शत प्रतिशत देना होगा। हमें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि विश्व कप से पहले एशिया कप में धीमी पिचों पर खेलना भारत को अच्छी स्थिति में बनाये रखेगा। गिल ने कहा, ‘‘यह बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए ही अच्छा अभ्यास है क्योंकि भारत में हम आमतौर पर ऐसी ही पिचों पर खेलते हैं। अच्छी टीमों के खिलाफ ऐसे विकेट पर दबाव में खेलना निश्चित रूप से विश्व कप में हमारे लिए मददगार रहेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें