Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Tata Steel ब्रिटेन में करेगी 1.25 अरब यूरो का निवेश

September 17, 2023

Tata Steel ब्रिटेन में करेगी 1.25 अरब यूरो का निवेश

मुंबई: टाटा स्टील और ब्रिटेन सरकार ने पोर्ट टैलबोट साइट पर 1.25 अरब यूरो की लागत से अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस स्टीलमेकिंग का करार किया है। कंपनी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि इस प्लांट के लिय ब्रिटेन सरकार 50 करोड़ यूरो का अनुदान देगी। उसने कहा कि टाटा स्टील और ब्रिटेन सरकार संयुक्त रूप से स्टील उद्योग में दशकों के सबसे बड़े निवेश के प्रस्ताव पर सहमत हैं। टाटा समूह के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन ने कहा “ ब्रिटेन सरकार के साथ समझौता इस्पात उद्योग और वास्तव में औद्योगिक मूल्य श्रृंखला के भविष्य के लिए एक निर्णायक क्षण है। प्रस्तावित निवेश महत्वपूर्ण रोजगार को संरक्षित करेगा और दक्षिण वेल्स में हरित प्रौद्योगिकी-आधारित औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र के विकास के लिए एक बड़ा अवसर प्रस्तुत करेगा।

टाटा स्टील के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन ने कहा “टाटा स्टील यूके को महत्वपूर्ण चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। हाल के दशकों में ब्रिटेन स्टील उद्योग में सबसे बड़े निवेशों में से एक प्रस्तावित परियोजना, सभी हितधारकों के लिए बेहतर परिणाम का अवसर प्रदान करती है। हम टाटा स्टील यूके के लिए भविष्य के जोखिम और अवसरों के संदर्भ में प्रस्तावित परिवर्तन मार्ग पर यूनियनों के साथ सार्थक परामर्श करेंगे। सरकार के समर्थन और सभी हितधारकों के साथ टाटा स्टील यूके के कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों से, हम टाटा स्टील यूके को एक हरित, आधुनिक भविष्य के लिए तैयार व्यवसाय में बदलने के लिए काम करेंगे।”

यह परियोजना ब्रिटेन की इस्पात सुरक्षा को मजबूत करेगी और स्थानीय इस्पात उद्योग के डीकार्बोनाइजेशन की दिशा में पहला बड़ा कदम होगा, जिससे एक दशक में प्रत्यक्ष उत्सर्जन में पांच करोड़ टन की कमी आएगी। इसके साथ ही मैटेरियल विज्ञान में वैश्विक अनुसंधान और नवाचार को आगे बढ़ाने की टाटा स्टील की प्रतिबद्धता के हिस्से के रूप में, कंपनी ने आज दो अतिरिक्त नवाचार केंद्र स्थापित करने के लिए 4 वर्षों में लगभग दो करोड़ यूरो का निवेश करने की भी घोषणा की।

ये भी पढ़ें: संदीप पाठक के खिलाफ पंजाब में दो FIR दर्ज, गिरफ्तारी के डर से घर के पीछे वाले रास्ते से हुए फरार

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें