Last Updated: October 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

आज से संसद का 5 दिवसीय विशेष सत्र हुआ शुरू

September 18, 2023

आज से संसद का 5 दिवसीय विशेष सत्र हुआ शुरू

नई दिल्लीः अमृतकाल को लेकर सरकार द्वारा आहूत किया गया संसद का पांच दिवसीय विशेष सत्र आज से शुरू होने जा रहा है। सोमवार को पहले दिन दोनों सदनों की कार्यवाही संसद के पुराने भवन में सुबह 11 बजे शुरू होगी। सोमवार को संसद में आजादी के 75 सालों की संसदीय यात्रा – संविधान सभा से लेकर आज तक की उपलब्धियां, यादों अनुभव और सबक पर चर्चा होगी। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से शुरू होने जा रहे संसद के विशेष सत्र में लोक सभा में अपना भाषण दे सकते हैं। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोक सभा में अपने भाषण के दौरान 75 वर्षों की संसदीय यात्र और अमृतकाल को लेकर अगले 25 वर्षों के एजेंडे को लोक सभा के जरिए देश के सामने रख सकते हैं।

आपको बता दें कि, सरकार द्वारा पहले बताए गए एजेंडे के मुताबिक 75 वर्षों की यात्र पर चर्चा के साथ-साथ इस पांच दिवसीय सत्र में मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त (नियुक्ति, सेवा की शर्तें और कार्यालय की अवधि) विधेयक 2023, डाकघर विधेयक 2023, अधिवक्ता (संशोधन) विधेयक 2023 और प्रेस और आवधिक पंजीकरण विधेयक 2023 को भी चर्चा के बाद पारित करवाया जाएगा।

हालांकि रविवार को सर्वदलीय बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने बताया कि संसद के विशेष सत्र के लिए पहले से पेंडिंग कुछ बिल को मिलाकर कुल 8 बिल लिस्टेड हैं। बताया जा रहा है कि,18 से 22 सितंबर के दौरान पांच दिन तक चलने वाले संसद के इस विशेष सत्र के आखिरी तीन दिनों यानी 20,21 और 22 सितंबर के बीच ही सरकार सदन में इन विधेयकों को चर्चा के लिए पेश कर पारित करवाने का प्रयास करेगी।

पहले दिन यानी आज संसद की बैठक पुराने संसद भवन में होगी। मंगलवार, 19 सितंबर, को पुराने संसद भवन में फोटो सेशन होगा, फिर सुबह 11 बजे सेंट्रल हॉल में एक समारोह होगा। उसके बाद नई संसद में प्रवेश किया जाएगा। 19 सितंबर को नए संसद भवन में संसद सत्र की बैठक होगी और 20 सितंबर से नियमित संसदीय काम-काज शुरू होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें