Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

सरकार को संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण बिल पारित कराना चाहिएः अधीर रंजन

September 18, 2023

सरकार को संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण बिल पारित कराना चाहिएः अधीर रंजन

नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र की शुरुआत आज से हो गई है। पुराने संसद में आज अंतिम बार सत्र की कार्यवाही हो रही है। इस दौरान लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने सदन में कहा कि सरकार को संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण विधेयक पारित कराना चाहिए। चौधरी ने संसद के विशेष सत्र के पहले दिन संसद के पुराने भवन में सदन की कार्यवाही के अंतिम दिन अपने उद्बोधन में कहा कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने महिला आरक्षण विधेयक पारित कराने का प्रयास किया था। सरकार को अब इस विधेयक को पारित कराना चाहिए। फिर इसके बाद उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि मेरी मांग सरकार मानेगी।

उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मांग करते हुए कहा कि विपक्ष को अपनी बात कहने और जनहित के मुद्दे सरकार के समक्ष लाने का पर्याप्त अवसर देने के लिए विपक्षी दलों के लिए सप्ताह में पूरा एक दिन निर्धारित कर देना चाहिए। चौधरी ने कई पूर्व प्रधानमंत्रियों के देश के विकास के लिए किये गये योगदान की चर्चा करते हुए कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू ने माडर्न इंडिया की नींव रखी। पंडित नेहरू ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन जैसे संस्थानों काे स्थापित किया जिसकी बदौलत आज चंद्रयान-3 को चांद पर उतारने में देश कामयाब हुआ। चौधरी ने कहा, हमें महत्वपूर्ण बातों को भूलना नहीं चाहिए, हम पुरानी चीजों को भूलेंगे नहीं। हम जब वसुदेव कुटुम्बकम कहते हैं तो हमें सबकी चिंता करनी चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें