Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Gold ETF में निवेश अगस्त में 1,028 करोड़ रुपये पर, 16 माह का उच्चस्तर 

September 19, 2023

Gold ETF में निवेश अगस्त में 1,028 करोड़ रुपये पर, 16 माह का उच्चस्तर 
नई दिल्ली: अमेरिका में ब्याज दरों में वृद्धि जारी रहने के बीच गोल्ड ईटीएफ (गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड) में अगस्त में 1,028 करोड़ रुपये का निवेश आया है, जो इसका 16 माह का उच्चस्तर है। अमेरिका में ब्याज दर बढ़ने से आर्थिक वृद्धि की रफ्तार प्रभावित हुई है। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) के आंकड़ों के अनुसार, इसके साथ ही इस श्रेणी में सालाना आधार पर प्रवाह 1,400 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।
समीक्षाधीन अवधि में गोल्ड ईटीएफ में प्रवाह के अलावा इसका संपत्ति आधार और निवेशक खातों (फोलियो) की संख्या में भी वृद्धि हुई है। आंकड़ों के अनुसार, गोल्ड ईटीएफ में अगस्त में 1,028 करोड़ रुपये का निवेश हुआ। इससे पहले जुलाई में इसमें 456 करोड़ रुपये का निवेश मिला था। इससे पहले, गोल्ड ईटीएफ में लगातार तीन तिमाहियों की बिकवाली के बाद अप्रैल-जून की अवधि के दौरान 298 करोड़ रुपये का निवेश देखा गया था।
मार्च तिमाही में इस श्रेणी से 1,243 करोड़ रुपये, दिसंबर तिमाही में 320 करोड़ रुपये और सितंबर तिमाही में 165 करोड़ रुपये की निकासी हुई थी। अप्रैल, 2022 के बाद से अगस्त, 2023 में गोल्ड ईटीएफ में सबसे अधिक मासिक प्रवाह देखा गया। अप्रैल, 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण इस श्रेणी में 1,100 करोड़ रुपये का निवेश हुआ था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें