Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

सरकार बताए, कब लागू होगा महिला आरक्षण : कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे

September 22, 2023

सरकार बताए, कब लागू होगा महिला आरक्षण : कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाजरुन खड़गे ने राज्यसभा में महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन किया। साथ ही, उन्होंने कहा कि सरकार स्पष्ट बताए कि महिला आरक्षण कब लागू होगा। सरकार महिला आरक्षण को 2 साल में लागू करेगी, 5 साल में या 10 साल में लागू करेगी।उन्होंने कहा कि इसकी तय समय-सीमा बताई जानी चाहिए, नहीं तो इसे महज एक जुमला माना जाएगा। इसके साथ ही मल्लिकाजरुन ने महिला आरक्षण में ओबीसी महिलाओं को आरक्षण दिए जाने की मांग सरकार के समक्ष रखी।

राज्यसभा में महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि इस बिल का क्लाउज 5 कहता है कि आरक्षण तभी लागू होगा, जब परिसीमन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और परिसीमन भी जनगणना प्रक्रिया पूरी होने के बाद कराई जाएगी। इसका मतलब, महिला आरक्षण लागू होने के लिए लंबा इंतजार करना होगा।गौरतलब है कि संसद व राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फ़ीसदी आरक्षण देने के लिए यह बिल लाया गया है। खड़गे ने कहा कि महिला आरक्षण से पहले दो अनिवार्य शर्तें रखी गई हैं। पहली शर्त जनगणना है और दूसरी है डिमिलिटेशन यानी परिसीमन यानी ये प्रक्रियाएं पूरी होने तक महिला आरक्षण लागू ही नहीं होगा।

खड़गे ने कहा, ’पहले आपने कहा था कि सबके खाते में 15-15 लाख रुपये देंगे, हर साल 2 करोड़ नौकरियां देंगे। फिर बाद में हमने अखबारों में पढ़ा कि ये तो चुनावी जुमले हैं। हम सब महिला आरक्षण बिल का समर्थन कर रहे हैं, लेकिन बाद में यह जुमला नहीं होना चाहिए।’उन्होंने कहा, ’महिला आरक्षण को डीलिमिटेशन और जनगणना से जोड़ने की जरूरत नहीं है। आप चाहें तो इसके बिना ही कर सकते हैं। आपने रात के 8 बजे अचानक नोटबंदी कर दी। हमारे विरोध के बावजूद किसान बिल पास किया। इसका विरोध करते हुए सत्तर किसान मारे गए। लेकिन महिला आरक्षण बिल पर किसी का विरोध नहीं है, तो इसे तुरंत लागू करने के लिए सरकार को प्रावधान करना चाहिए था।’

खड़गे ने कहा कि अभी जो व्यवस्था है, जितने सदस्य हैं, जितनी संख्या है, उसी में महिला आरक्षण दे दीजिए। जब नंबर बढ़ जाएगा, जनगणना होगी, सदस्य भी बढ़ेंगे, उसके साथ-साथ महिलाओं के नंबर भी बढ़ जाएंगे। उन्होंने महिला आरक्षण बिल में पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षण नहीं होने की बात कही और कहा कि ओबीसी वर्ग की महिलाओं को इसमें आरक्षण देने के लिए अभी प्रावधान किया जाना चाहिए। खड़गे ने कहा, ’भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सदन में हमें ताना मार रहे थे कि, लेकिन एससी एसटी के लोग सरकारी विभागों के सेक्रेटरी भी नहीं बन सकते, प्रिंसिपल सेक्रेटरी भी नहीं बनते यहां तक की जॉइंट सेक्रेटरी के पद पर भी नहीं है। बस अपनी विचारधारा के लोगों को नियुक्त किया गया है।’

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘मैं 128वें संशोधन बिल के समर्थन में खड़ा हूं और इस बिल को संपूर्ण समर्थन करता हूं। हम, हमारी पार्टी के सभी लोग पूरे दिल से इस बिल का समर्थन करते हैं। हमें दो दिन पहले ही पता लगा कि संसद में यह बिल आने वाला है।‘उन्होंने सभापति जगदीप धनखड़ से कहा, ‘लेकिन आपने 4 सितंबर 2023 को जयपुर में कहा था वह दिन दूर नहीं, जब संसद और विधानसभा में महिलाओं को उनका उचित प्रतिनिधित्व मिलेगा। यानी आप तय किए थे और आपको मालूम भी होगा और इसका प्रचार अपने वहां जयपुर में किया।‘

खड़गे ने एक कविता पढ़ते हुए कहा, ‘कमजोर नहीं, शक्ति का नाम ही नारी है। जग को जीवन देने वाली मौत भी तुझे से हारी है। सतियों के नाम पर तुझे जलाया गया। मीरा के नाम पर तुझे जहर पिलाया गया। सीता जैसी अग्निपरीक्षा भी हुई। जग में अब तक यह सब जारी है, बहुत हो चुका अब मत सहना, तुझे इतिहास बदलना है, कोमल है तू कमजोर नहीं शक्ति का नाम नारी है।‘

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें