
नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चीन में चल रहे 19वें एशियाई खेलों में नौकायन और निशानेबाजी स्पर्धा में पदक जीतने वाली टीम और उसके खिलाड़ियों को सोमवार को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने आज एशियाई खेल 2022 में कांस्य पदक जीतने के लिए भारत की पुरुष कॉक्सलेस फोर रोइंग टीम के आशीष, भीम सिंह, जसविंदर सिंह और पुनित कुमार को बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि इस टीम ने अतुलनीय दृढ़ संकल्प और आपसी समन्वय के बल पर इस उल्लेखनीय उपलब्धि को हासिल किया है। इसके साथ ही मोदी ने एशियाई खेलों में 10 मीटर एयर राइफल महिला टीम स्पर्धा में रजत पदक हासिल करने के लिए निशानेबाज रमिता, मेहुली घोष और आशी चौकसे को बधाई दी।
इस उपलब्धि की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, कि “यह रजत पदक आपकी कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। इस क्रम को आगे भी बनाए रखिए, जिससे हम एशियाई खेल 2022 में चमकते रहें।”