Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

देश में चलाई जाएंगी 10 हजार इलेक्ट्रिक बस : Hardeep Singh Puri

September 27, 2023

देश में चलाई जाएंगी 10 हजार इलेक्ट्रिक बस : Hardeep Singh Puri

इंदौरः केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आज कहा कि केंद्र सरकार आम नागरिकों की सुविधा के मद्देनजर सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को बेहतर बनाने के सतत प्रयास कर रही है और इसी क्रम में आने वाले समय में देश में दस हजार इलेक्ट्रिक बस चलायी जाएंगी। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने यहां पत्रकार वार्ता में एक सवाल के जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शहरों में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को आम नागरिकों के आवागमन की सुविधा की दृष्टि से सस्ता और कम समय में अधिक से अधिक दूरी पूर्ण करने वाली बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आने वाले समय में देश के प्रमुख शहरों में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली के तहत दस हजार इलेक्ट्रिक बस चलायी जाएंगी।

उन्होंने कहा कि अगले छह माह में लगभग पांच सौ बस सड़क पर भी आ जाएंगी। पुरी ने कहा कि देश में शहरी सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने में मेट्रो रेल का बेहतर योगदान है और इससे जुड़ी योजनाएं कहीं भी असफल नहीं हुयी हैं। उन्होंने कहा कि मेट्रो रेल परियोजनाओं की स्वीकृति काफी सोच विचार और वैज्ञानिक तरीके से अध्ययन के बाद दी जाती है। वर्तमान में मेट्रो रेल के जरिए प्रतिदिन लगभग एक करोड़ यात्री सफर करते हैं। दिल्ली मेट्रो में ही प्रतिदिन सफर करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़कर 85 लाख हो गयी है।

उन्होंने कहा कि शहरी परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने में‘‘फायनेंशियल वायबिलिटी‘’(वित्तीय व्यवहार्यता) एक अहम कारक है और इससे जुड़ी परियोजनाओं में इस बात का खास ध्यान रखा जाता है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था जितनी सुलभ, सरल और सस्ती होगी, वह उतनी ही सफल होगी। केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान शहरों में स्वच्छता और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं से संबंधित योजनाओं के बारे में भी बताया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह और केंद्र तथा राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें