Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

जबलपुर के विकास के लिए धन की कमी नहीं आएगी: शिवराज

September 27, 2023

जबलपुर के विकास के लिए धन की कमी नहीं आएगी: शिवराज

जबलपुर: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि जबलपुर के विकास के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी और आने वाले दिनों ये शहर और तेजी से विकास करेगा। चौहान यहां 155 करोड़ रुपयों की लागत से निर्मित फ्लाईओवर के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग मंत्री गोपाल भार्गव और सांसद राकेश सिंह भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह शहर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। शहर में 5 हजार करोड़ रुपये की लागत से 116 किलोमीटर के रिंग रोड निर्मित किये जायेंगे। इसके अलावा फ्लाईओवर भी बनेंगे।

उन्होंने शहर में होने वाले विकास से संबंधित योजनाओं के बारे में बताया और कहा कि शहर के मदनमहल क्षेत्र में प्रस्तावित संग्रहालय में वीरांगना रानी दुर्गावती की 52 फीट ऊँची प्रतिमा स्थापित होगी। इसके साथ ही 100 करोड़ रुपए की लागत से रानी दुर्गावती का भव्य स्मारक भी बनेगा, जो उनके शौर्य और वीरता का प्रतीक होगा। चौहान ने घोषणा की कि आज लोकार्पित किया गया फ्लाईओवर वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम से जाना जायेगा। इसके अलावा जबलपुर जिले में बरेला को तहसील तथा मझगवाँ को नगर पंचायत बनाया जायेगा।

जबलपुर के विकास के कार्य निरंतर किये जा रहे हैं। जबलपुर में विकास कार्यों के लिये धनराशि की कमी नहीं आने दी जायेगी। जबलपुर को इंदौर और भोपाल के बाद मेट्रो सिटी के रुप में विकसित किया जायेगा। चौहान ने बताया कि आज ही जबलपुर में 460 करोड़ रुपए की लागत के राज्य उच्च न्यायालय के नए भवन का राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुमरू ने शिलान्यास किया है। इसी तरह 300 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक रेल्वे स्टेशन बन रहा है। इसके अलावा 400 करोड़ रुपए की लागत से हवाईअड्डे का विस्तार हो रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें