Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

वैश्य समाज ने रैली के माध्यम से दिखाई ताकत, महिला, पुरुष व युवाओं ने लिया भाग

October 2, 2023

वैश्य समाज ने रैली के माध्यम से दिखाई ताकत, महिला, पुरुष व युवाओं ने लिया भाग

 

जींद: जीले की पावन धरती पर वैश्य संकल्प रैली का आयोजन तीन राष्ट्रीय संगठनों द्वारा किया गया। रैली में प्रदेश भर से भारी संख्या में महिला, पुरुष व युवाओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ भाग लिया। रैली के प्रति वैश्य समाज में बड़ा भारी जोश दिखा। रैली ग्राउंड खचाखच भरा हुआ था और रैली मैदान से ज्यादा आदमी रैली ग्राउंड के बाहर थे। इस अवसर पर एस एल ग्रुप के चेयरमैन व पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ सुभाष चंद्रा ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि यह रैली नहीं रैला है, पूरे देश में वैश्य समाज एकजुट है राष्ट्र और जनता के हित में काम कर रहा है समाज के जरूरतमंद व्यक्तियों को ऊंचा उठने के लिए हम अग्रोहा धाम में एक हजार करोड रुपए कि लागत से सहायता कोष बनाने जा रहे हैं।

जिसमें मेरी तरफ से 10 करोड़ रुपए लगाने के साथ-साथ पूरे देश के वैश्य समाज से सहयोग लिया जाएगा। डॉ सुभाष चंद्रा ने कहा कि देश के वैश्य समाज की सेवा के लिए मैं 24 घंटे तैयार हूं, और वैश्य समाज को ज्यादा से ज्यादा राजनीति में आगे लाने में मेरा पूरा सहयोग रहेगा। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल ने कहा कि समाज को एकजुट होकर सबकी मदद करनी चाहिए। वैश्य समाज महाराजा अग्रसेन जी के आदेशों पर चलकर राष्ट्र व जनता की सेवा में रात-दिन लगा हुआ है अब हमे समाज को आगे लाने के लिए ज्यादा से ज्यादा राजनीति में हिस्सेदारी करने की जरूरत है।

अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि देश व प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा वैश्य समाज के व्यक्ति राजनीति में अपनी हिस्सेदारी करेगा। केंद्र व हर राज्यों की सरकारों को वैश्य समाज के युवाओं को सरकारी नौकरी में पूरी हिस्सेदारी देनी चाहिए‌ अगर किसी सरकार ने व सरकारी अधिकारी ने व्यापारी व वैश्य समाज के व्यक्ति को तंग करने की कोशिश की तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।

केंद्र सरकार को महाराजा अग्रसेन जयंती पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित करना चाहिए। बजरंग गर्ग ने कहा बच्चों के रिश्तों व विवाह-शादी में समाज को पहली मिलनी महान पुरुष महाराजा अग्रसेन जी के नाम पर निकाले। अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के राष्ट्रीय महासचिव उमेश अग्रवाल ने कहा कि वैश्य संकल्प रैली को सफल बनाने के लिए मैं सभी को बधाई देता हूं। रैली हरियाणा में नया इतिहास रचेगी‌ हमारा उद्देश्य समाज के संगठन को मजबूत करना है और समाज के व्यक्तियों को ऊंचा उठाना है।

समाज की हमारी कमेटी सभी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं से मिलेगी और सभी पार्टियों के नेताओं से वैश्य समाज के व्यक्तियों को लोकसभा, राज्यसभा व विधानसभा में टिकट देने के लिए दबाव बनाया जाएगा। हरियाणा प्रदेश वैश्य महासम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष राजीव जैन ने कहा की हर राजनीतिक पार्टियों को समाज के व्यक्तियों को हरियाणा में 1 लोकसभा, 1 राज्यसभा व 15 विधानसभा की टिकट देनी चाहिए।

वैश्य समाज के दो बार मुख्यमंत्री बने। पहले हमारे 18 विधायक हुआ करते थे मगर समाज के लोगों का ज्यादातर व्यापार व उद्योग में ध्यान होने के कारण राजनीति में वैश्य समाज की हिस्सेदारी कम होती गई, मगर अब समाज के व्यक्तियों को आगे आकर ज्यादा से ज्यादा राजनीति में हिस्सेदारी करनी चाहिए।

 

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें