Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

JP Nadda से मिले सुवेंदु अधिकारी, बंगाल के हालात की दी जानकारी

October 4, 2023

JP Nadda से मिले सुवेंदु अधिकारी, बंगाल के हालात की दी जानकारी

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल भाजपा के दिग्गज नेता एवं राज्य विधानसभा में नेता विपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने मंगलवार को नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर उन्हें राज्य के रणनीतिक हालात, ममता बनर्जी सरकार द्वारा किए गए घोटालों और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे संघर्ष की जानकारी दी।

इससे पहले, सुवेंदु अधिकारी ने केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति से उनके मंत्रलय में मुलाकात कर उन्हें पश्चिम बंगाल में मनरेगा में हुए घोटाले से जुड़े तथ्यों की जानकारी देते हुए पूरे घोटाले की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई ) से करवाने का आग्रह भी किया था।केंद्रीय मंत्री से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी के बड़े नेता अभिषेक बनर्जी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि इस व्यक्ति को जेल जाना चाहिए और पूरे मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार कोई भेदभाव नहीं करती है, राजधर्म का पालन करती है और यूपीए सरकार की तुलना में मोदी सरकार ने पश्चिम बंगाल को ज्यादा फंड दिया है, लेकिन इसमें घोटाला किया गया है और इसलिए चोर को जेल जाना चाहिए।उन्होंने एक निश्चित टाइम फ्रेम में स्पेशल कैग द्वारा मामले की जांच करवाने की बात भी कही। इससे पहले केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरों को शेयर करते हुए सुवेंदु अधिकारी ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को केंद्र सरकार द्वारा भेजे जा रहे फंड में पश्चिम बंगाल में हुई धोखाधड़ी के संबंध में अवगत कराया। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रलय ने इस बात पर संज्ञान लिया है कि कैसे तृणमूल कांग्रेस से संबंधित भ्रष्ट पंचायत प्रधान मनरेगा के तहत कार्यों के कार्यान्वयन के दौरान पश्चिम बंगाल में हजारों करोड़ रुपये की हेराफेरी में शामिल रहे हैं। राज्य सरकार के अधिकारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।

उन्होंने आगे कहा कि केंद्रीय मंत्री ने उन्हें भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। सुवेंदु अधिकारी ने मंगलवार दोपहर में भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मनरेगा के जॉब कार्ड में बड़ा घोटाला करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हजारों करोड़ रुपये का घोटाला कर टीएमसी के दफ्तर एवं टीएमसी के मालिक और मालकिन के घर तक यह पैसा भेजा गया और ग्रेट भतीजा ने उस पैसे को देश के बाहर भेज दिया।उन्होंने कहा कि अगर इस घोटाले की सही ढंग से जांच की गई तो यह आजाद भारत का सबसे बड़ा घोटाला हो सकता है। सुवेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस को गुंडों की पार्टी करार देते हुए कहा कि कल गांधी जयंती के दिन दिल्ली पुलिस और राजघाट कमेटी की अनुमति के बिना राजघाट पर इकट्ठा होकर इन लोगों ने पूरे देश से महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए आए हुए श्रद्धालुओं के साथ जो र्दुव्‍यवहार किया, वह सबने देखा।

सुवेंदु अधिकारी ने यूपीए सरकार की तुलना में एनडीए की मोदी सरकार द्वारा पश्चिम बंगाल को मनरेगा सहित अन्य योजनाओं में ज्यादा फंड देने के आंकड़ों को बताते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस आई.एन.डी.आई.ए. गठबंधन का हिस्सा है, यह विकास का काम नहीं करती है। इसका सिर्फ तीन एजेंडा- परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण है।भाजपा नेता ने पश्चिम बंगाल में खिसकती राजनीतिक जमीन को लोकसभा चुनाव से पहले बचाने और भ्रष्टाचार से लोगों का ध्यान हटाने के लिए टीएमसी नेताओं द्वारा दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करने का दावा करते हुए कहा कि खाना पीना देकर, कुछ लोगों को दिल्ली लाकर, फाइव स्टार होटल में रखकर ये लोग ड्रामेबाजी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हर चीज में राजनीति करना और दिल्ली की कुर्सी का सपना देखना टीएमसी की आदत हो गई है। केंद्र सरकार द्वारा भेजे गए फंड का फायदा पश्चिम बंगाल सरकार अपनी पार्टी टीएमसी के कैडर और पार्टी नेताओं के रिश्तेदारों को पहुंचाकर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार कर रही है। बंगाल में बुआ-भतीजे की सरकार चोरी करेगी तो भाजपा सड़क से लेकर विधानसभा तक लड़ाई लड़ेगी और कानूनी लड़ाई भी लड़ेगी।उन्होंने विपक्षी गठबंधन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इन लोगों ने गठबंधन नहीं, ठगबंधन बनाया है, यह घमंड का गठबंधन है और जनता से इनका कोई रिश्ता नहीं है। सुवेंदु अधिकारी ने टीएमसी को पॉलिटिकल पार्टी की बजाय प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बताते हुए कहा कि अल्पसंख्यकों से संबंधित घोटाले में संबंधित मंत्री स्मृति ईरानी ने सीबीआई जांच के आदेश दे दिए हैं और उन्होंने शिक्षा मंत्रलय से जुड़ी योजना में भी घोटाले की शिकायत केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से की है।

पढ़े बड़ी खबरें : महाराष्ट्र में राजनीतिक हलचल- शिंदे और फडणवीस दिल्ली में अमित शाह से कर रहे मुलाकात

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें