Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Joyalukas करेगा 2400 करोड़ का निवेश,बनायी 40 नये स्टोर शुरु करने की योजना

October 6, 2023

Joyalukas करेगा 2400 करोड़ का निवेश,बनायी 40 नये स्टोर शुरु करने की योजना

 

नई दिल्ली: आभूषणों के रिटेल नेटवर्क का संचालन करने वाली कंपनी जोयालुकास इंडिया लिमिटेड ने अगले दो वर्षाें में करीब 2400 करोड़ रुपये के निवेश से 40 नये स्टोर शुरु करने की योजना बनायी है। कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक जॉय अलुकास ने यहां यह जानकारी देते हुये कहा कि अभी देश विदेश में कुल मिलाकर 160 स्टोर संचालित किये जा रहे हैं और वित्त वर्ष 2024-25 तक 40 नये स्टोर शुरु करने की योजना है जिनमें से अधिकांश स्टोर देश में ही खोले जायेंगे। अभी देश से बाहर 60 स्टोर है और उनमें से अधिकांश स्टोर खाड़ी देशों में है।

यह समूह भारत सहित दुनिया के 11 देशों में कारोबार कर रहा है। समूह के 9000 हजार से अधिक कर्मचारी है। उन्होंने बताया कि एक स्टोर को शुरु करने पर करीब 60 करोड़ रुपये का निवेश करना पड़ता है। इस तरह से अगले वित्त वर्ष तक उनका समूह इस पर करीब 2400 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रहा है। इसके साथ ही कंपनी बाजार से पूंजी जुटाने के उद्देश्य से प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की तैयारी कर रही है जिसके बाद टियर दो और तीन शहरों में तेजी से विस्तार करने की योजना है क्योंकि आभूषणों पर हॉलमार्किंग किये जाने और सरकार की नीतियों से संगठित व्यापार को बल मिला है जिससे ब्रांडेड आभूषणों की मांग में तेजी आ रही है।

उन्होंने कहा कि पिछले वित्त वर्ष में उनके समूह का कुल कारोबार 21 हजार करोड़ रुपये का रहा है जिसके वित्त वर्ष 2024-25 तक बढ़कर 30 हजार करोड़ रुपये पर पहुंचने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि भारतीय कारोबार में 20 प्रतिशत से अधिक की बढोतरी देखी जा रही है, हालॉंकि विदेशी कारोबार में चालू वित्त वर्ष में अभी 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है। उन्होंने कहा कि देश में अब त्योहारी सीजन शुरु होने वाला है और इस दौरान आभूषणों की मांग में हर वर्ष तेजी रहती है।

इस वर्ष भी तेजी आने की उम्मीद है क्योंकि पिछले कुछ सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना की कीमतों में करीब 120 डॉलर प्रति औंस की कमी आ चुकी है। इससे घरेलू बाजार में भी तेज मांग आने की संभावना बनी है। उन्होंने कहा कि अभी राजधानी दिल्ली में कंपनी के चार स्टोर है और शीघ्र ही पांचवें स्टोर को शुरु करने की तैयारी चल रही है। इसके साथ ही उत्तर भारत में विस्तार की योजना है। कंपनी अ•ाी लखनऊ में स्टोर शुरु करने की भी योजना बना रही है। गुरुग्राम के साथ ही पंजाब में भी कंपनी के दो स्टोर है।

 

ये भी पढ़ें: ‘पहले ही कहा था, चुनाव के बाद महंगाई की गर्मी आएगी’, गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने पर राहुल गांधी

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें