Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

विश्व कप के बेमेल मुकाबले में न्यूजीलैंड और नीदरलैंड आमने सामने

October 8, 2023

विश्व कप के बेमेल मुकाबले में न्यूजीलैंड और नीदरलैंड आमने सामने
हैदराबाद: विश्व कप में अपना अपना पहला मुकाबला खेल चुके न्यूजीलैंड और नीदरलैंड सोमवार को एक बेमेल से मुकाबले में एक दूसरे के आमने सामने होंगे। न्यूजीलैंड ने बृहस्पतिवार को पहले मैच में गत चैम्पियन इंग्लैंड को नौ विकेट से हराकर अपने इरादे जाहिर कर दिये। इंग्लैंड ने नौ विकेट पर 282 रन बनाये जिसे न्यूजीलैंड ने 36 . 2 ओवर में हासिल कर लिया। डेवोन कोंवे (नाबाद 152) और रचिन रविंद्र (123 नाबाद) ने आक्रामक पारियां खेली।
न्यूजीलैंड ने अपने नियमित कप्तान केन विलियमसन के बिना जीत हासिल की। आईपीएल के दौरान लगी चोट के कारण विलियमसन पहला मैच नहीं खेल सके। न्यूजीलैंड के मुख्य कोच गैरी स्टीड ने संकेत दिया कि विलियमसन डच टीम के खिलाफ मैच के लिये भी पूरी तरह फिट नहीं है । ऐसे में टॉम लाथम ही कप्तानी की बागडोर संभालेंगे। स्टीड ने रविवार को कहा ,‘‘ केन तेजी से ठीक हो रहा है लेकिन अभी फील्डिंग करने की स्थिति में नहीं है। हमें यकीन है कि वह तीसरा मैच खेलेगा।
अभ्यास सत्र के बाद हम अंतिम एकादश फाइनल करेंगे। जहां तक केन का सवाल है तो हमें उम्मीद है कि वह तीसरे मैच से खेल सकेगा।’ अनुभवी तेज गेंदबाज टिम साउदी का चुना जाना भी तय नहीं है क्योंकि वह अंगूठा टूटने के बाद उबर नहीं सके हैं। तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्युसन फिटनेस टेस्ट में खरे उतरने पर खेल सकेंगे।  डच टीम को पहले मैच में पाकिस्तान ने 81 रन से हराया। वैसे डच टीम ने पावरप्ले में पाकिस्तान के तीन विकेट चटका दिये थे । उसके सलामी बल्लेबाज विक्रमजीत सिंह और बास डी लीडे ने अर्धशतक भी बनाये। दोनों टीमों के बीच इस प्रारूप में अब तक चार मुकाबले हुए हैं जिसमें न्यूजीलैंड विजयी रही।
 टीमें :
नीदरलैंड: स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान), मैक्स ओडोड, बास डी लीडे, विक्रम सिंह, तेजा निदामानुरू, पॉल वैन मीकेरेन, कॉलिन एकरमैन, रोलोफ वान डेर मर्व, लोगान वैन बीक, आर्यन दत्त, रेयान क्लेन, वेस्ली बारेसी, साकिब जुल्फिकार , शारिज अहमद और साइब्रांड एंजेलब्रेक्ट
न्यूजीलैंड :टॉम लाथम (कप्तान और विकेटकीपर), डेवोन कोंवे, विल यंग, केन विलियमसन (पहले मैच में उपलब्ध नहीं), मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशाम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, मिशेल सेंटनेर, ईश सोढी, टिम साउदी, ट्रेंट बोल्ट, लॉकी फर्ग्युसन, मैट हेनरी। मैच का समय : दोपहर दो बजे से ।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें