Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

उत्तर प्रदेश में नौकरी व रोजगार की कोई कमी नहीं : CM YOGI

October 23, 2023

उत्तर प्रदेश में नौकरी व रोजगार की कोई कमी नहीं : CM YOGI

गोरखपुरः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में नौकरी व रोजगार की कोई कमी नहीं है और युवा अपनी अभिरुचि के अनुसार क्षेत्र का चयन कर खुद को प्रशिक्षण से जोड़कर तैयार करें तथा उनके रोजगार व नौकरी की गारंटी सरकार लेगी। मुख्यमंत्री ने रविवार को मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित वृहद रोजगार मेला को सम्बोधित करते हुए कहा कि वृहद रोजगार मेले में आए जिन युवाओं को किसी कारणवश रोजगार नहीं मिल पाएगा उन्हें पीएम-सीएम इंटर्नशिप योजना से जोड़ा जाएगा। इन युवाओं को इंडस्ट्री में ट्रेनिंग देने के साथ मानदेय भी दिया जाएगा। मानदेय का आधा हिस्सा सरकार और आधा हिस्सा संबंधित इंडस्ट्री देगी।

इंडस्ट्री में ट्रेनिंग के बाद ऐसे युवाओं को रोजगार मिलेगा और उनकी ऊर्जा और प्रतिभा का लाभ समाज व देश को मिलेगा। उन्होंने रोजगार मेले में नियुक्ति पाने वालों को बधाई दी और अचयनितों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वे निराश न हों। परिश्रम का जज्बा रखते हुए क्षेत्र चुनकर ट्रेनिंग लें और वे आश्वस्त रहें सरकार नौकरी की कमी नहीं होने देगी। योगी ने कहा कि हमारी मान्यता रही है कि कोई भी व्यक्ति अयोग्य नहीं है। यदि कहीं कोई अयोग्य दिख रहा है तो इसका अर्थ यह है कि वहां मार्गदर्शक की कमी है। 125 कंपनियों की भागीदारी और करीब 34 हजार रिक्तियों वाला यह वृहद रोजगार मेला एक योग्य योजक की भूमिका में है।

उन्होंने कहा कि युवा निरंतर प्रयास करते रहें सरकार उनके लिए अनेक कार्यक्रमों को लेकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने को तैयार है। युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए सरकार दो करोड़ युवाओं को टैबलेट व स्मार्ट फोन उपलब्ध कराने में जुटी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गांव स्तर तक मिशन रोजगार के प्रवाह का उल्लेख करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के तहत 1.08 लाख प्लम्बर तथा पीएनजी पाइप लाइन के लिए प्लम्बर की जरूरत को देखते हुए अभी से प्रशिक्षण देकर रोजगार देने की व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने जब हर हाथ को काम, हर खेत को पानी का नारा दिया था तब लोग इसे पूरा हो पाना असंभव मानते थे पर 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने इसे लगातार हकीकत में बदल दिया है।

ये भी पढ़ें: बड़ा ट्रेन हादसाः 15 लोगों की गई जान, जानें 100 से भी ज्यादा हुए…

डबल इंजन की सरकार बिना भेदभाव हर हाथ को काम उपलब्ध करा रही है। योगी ने कहा कि पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के लिए जनधन खाते खुलवाकर, डीबीटी से धनराशि अंतरित कर, डिजिटल इंडिया से गांवों को जोड़कर हर व्यक्ति को सक्षम बनाया है। मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, मुद्रा योजना, विश्वकर्मा योजनाओं के जरिये देश में युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार की ढेर सारी संभावनाओं को आगे बढ़ाया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें