Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

Goldie Solar दिसंबर तक 1,000 मेगावाट परिचालन क्षमता और जोड़ेगी : प्रबंध निदेशक

October 24, 2023

Goldie Solar दिसंबर तक 1,000 मेगावाट परिचालन क्षमता और जोड़ेगी : प्रबंध निदेशक
 नई दिल्ली: गोल्डी सोलर दिसंबर के अंत तक अपनी परिचालन क्षमता को बढ़ाकर 4,000 मेगावाट तक पहुंचाने के लिए 1,000 मेगावाट क्षमता और जोड़ेगी। कंपनी के प्रबंध निदेशक ईश्वर ढोलकिया ने यह बात कही है। ढोलकिया ने कहा कि कंपनी 2023-24 के वित्त वर्ष में 5,000 करोड़ रुपये का ऑर्डर बुक हासिल करने की उम्मीद कर रही है। ढोलकिया ने निर्यात संबंधी सवाल पर कहा, ‘‘हम सौर ऊर्जा बाजार को लेकर उत्साहित हैं।
घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हमारे उत्पादों की अच्छी मांग है। अब हम भारत, अमेरिका, दक्षिण अमेरिका, अफ्रीका, यूरोप और खाड़ी देशों के ग्राहकों से 5,000 करोड़ रुपये से अधिक की ऑर्डर बुकिंग हासिल करने का लक्ष्य रख रहे हैं।”इसके अलावा कंपनी चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही यानी दिसंबर अंत तक 1,000 मेगावाट परिचालन क्षमता और जोड़ेगी।
गुजरात की कंपनी गोल्डी सोलर के पीपोदरा और नवसारी जिलों में कुल 3,000 मेगावाट क्षमता के दो सौर मॉड्यूल/पैनल विनिर्माण संयंत्र हैं। कंपनी एक सेल विनिर्माण इकाई लगाने के अलावा 2026 तक अपनी मॉड्यूल विनिर्माण क्षमता को 6,000 मेगावाट तक करने के लिए 5,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की तैयारी में है। ढोलकिया ने कहा, ‘‘भारत में बहुत कम कंपनियां सौर सेल विनिर्माण क्षेत्र में हैं।
उनकी जरूरत का एक बड़ा हिस्सा आयात से पूरा होता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ मिशन के तहत हम एक सेल विनिर्माण इकाई लगा रहे हैं जो प्रतिस्पर्धी मूल्य पर घरेलू मांग को पूरा करेगी।’सेल विनिर्माण सुविधा की स्थिति पर उन्होंने कहा कि गोल्डी सोलर प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के लिए वैश्विक कंपनियों से बात कर रही है। इस प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल विनिर्माण में किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें