Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

कन्या पूजन पर दिग्विजय सिंह और शिवराज सिंह चौहान में तकरार

October 24, 2023

कन्या पूजन पर दिग्विजय सिंह और शिवराज सिंह चौहान में तकरार

भोपाल: मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रचार का दौर जोर पकड़ रहा है तो एक-दूसरे पर हमले करने के मामले में कोई किसी से पीछे नहीं है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कन्या पूजन मामले पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ‘नौटंकीबाज’ कहा तो शिवराज ने कहा कि बहनों को ‘टंच माल’ कहने वालों में बहन-बेटियों की पूजा का साहस ही नहीं है।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से दो मासूम बेटियों के अपहरण और मुख्यमंत्री निवास पर कन्या पूजन कराए जाने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से सवाल पत्रकारों ने किया। इस पर उन्होंने कहा कि शिवराज ‘नौटंकीबाज’ हैं और अब तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह से प्रधानमंत्री भी डरने लगे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के इस बयान पर मुख्यमंत्री चौहान ने कहा, मुझे कहते हुए बहुत दर्द और पीड़ा है, बेटियों की पूजा सनातन का संस्कार है, कल पूरा देश बेटियों की पूजा कर रहा था। बेटियों के पांव पखारे जा रहे थे। कन्या भोज किए जा रहे थे। लेकिन, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को बेटियों की पूजा नाटक-नौटंकी लगती है।

मुख्यमंत्री चौहान ने आगे कहा, मैं बेटियों के और बहनों के पैर भी धोता हूं और उस पानी को माथे से भी लगाता हूं। यह वही कर सकता है, जिसके मन में पवित्र भाव हो। जिसमें भारतीय संस्कार हो। इसके लिए भी नैतिक साहस चाहिए।

दिग्विजय सिंह के एक चर्चति बयान का जिक्र करते हुए चौहान ने कहा, बहनों की पूजा के लिए भी नैतिक साहस चाहिए। बहन और बेटियों को ‘टंच माल’ कहने वाले, आइटम कहने वाले, ये नहीं कर सकते और इसी मानसिकता को हम बदलना चाहते हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने कांग्रेस नेताओं से सवाल करते हुए कहा, मल्लिकार्जुन खड़गे, मैडम सोनिया जी जवाब दें, क्या भारत में बेटी की पूजा नाटक-नौटंकी है। कांग्रेस अपना स्टैंड साफ करे, क्या कांग्रेस बेटियों और कन्या पूजन के खिलाफ है?

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें