Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

बड़ा हादसा : तट पर आपस में टकराए दो जहाज, 1 की मौत, कई लापता

October 25, 2023

बड़ा हादसा : तट पर आपस में टकराए दो जहाज, 1 की मौत, कई लापता

बर्लिनः जर्मन तट के पास उत्तरी सागर में मंगलवार को दो मालवाहक जहाजों की टक्कर में एक नाविक की मौत हो गई जबकि चार अन्य लापता हैं। सेंट्रल कमांड फॉर मैरीटाइम इमर्जेंसीज (सीसीएमई) और जर्मन मैरीटाइम सर्च एंड रेस्क्यू सर्विस (डीजीजेआरएस) ने कहा कि दो लोगों को बचाया गया है। एक समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, मालवाहक जहाजों पोलेसी और वेरिटी के बीच हेलगोलैंड द्वीप से लगभग 22 किमी दक्षिण पश्चिम और उत्तरी सागर में लैंगेओग द्वीप से 31 किमी उत्तर पूर्व में टक्कर हुई। माना जाता है कि टक्कर के बाद छोटा मालवाहक वेरिटी डूब गया। समझा जाता है कि दूसरा मालवाहक जहाज, पोलेसी, अभी भी समुद्र में चलने के लायक है और उसमें सवार 22 लोग ‘वर्तमान जानकारी के अनुसार सुरक्षित हैं‘।

बड़ी खबरें पढ़ेंः हाईवे पर एक साथ टकराए 158 वाहन, कई लोगों की हुई मौत, 25 घायल

समुद्री बचाव सेवाओं ने एक बयान में कहा, ‘दुर्घटना स्थल के ऊपर 10 समुद्री मील के दायरे में विमानों के लिए हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया है ताकि खोज अभियान में बाधा न आए।‘ बचाव अभियान में कई जहाज़ों के साथ-साथ जर्मन नौसेना का एक हेलीकॉप्टर भी शामिल है। बयान में कहा गया है कि ‘अधिक जानकारी प्राप्त करने‘ के लिए एक टोही विमान भी क्षेत्र के ऊपर उड़ान भर रहा है। इस क्षेत्र में इस समय तेज़ हवाएँ और तीन मीटर तक की लहरें चल रही हैं।

बड़ी खबरें पढ़ेंः बड़ी खबर: पुल से नीचे गिरी कार, एक ही परिवार के 5 लोगों की…

एक क्रूज़ जहाज ने भी खोज अभियान में मदद की है। इस जहाज पर डॉक्टर हैं जो चिकित्सा देखभाल प्रदान कर सकते हैं। जर्मनी के परिवहन मंत्री वोल्कर विसिंग ने मंगलवार को कहा, ‘मेरी संवेदनाएं चालक दल के सदस्यों और उनके परिवारों के साथ हैं। मैं बचाव टीमों को धन्यवाद देता हूं, जो सुबह से ही जुटे हुए हैं। वे लापता लोगों को बचाने के लिए हरसंभव कोशिश कर रहे हैं।‘ जानकारी के मुताबिक, 91 मीटर लंबी वेरिटी ब्रिटेन में ब्रेमेन से इमिंघम की ओर जा रही थी। बहामास में पंजीकृत 190 मीटर लंबी और काफी बड़ी पोलेसी हैम्बर्ग से स्पेन के ला कोरुना की ओर जा रही थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें