Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

Israel को लेकर Kangana Ranaut ने दिया ये बड़ा बयान

October 25, 2023

Israel को लेकर Kangana Ranaut ने दिया ये बड़ा बयान

नई दिल्लीः अभिनेत्री कंगना रनौत ने बुधवार को इजरायली राजदूत नाओर गिलोन से मुलाकात की और विश्वास जताया कि इजराइल ‘‘आतंकवाद के खिलाफ युद्ध’’ में विजयी होगा। रनौत ने ‘एक्स’ पर इजरायली राजदूत के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरें और एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने इजराइल के राजदूत के साथ इजराइल-हमास संघर्ष पर चर्चा की हैं। अभिनेत्री ने कहा, ‘‘भारत में इजराइल के राजदूत नाओर गिलोन जी के साथ मुलाकात हुई। आज पूरी दुनिया, खासकर इजराइल और भारत, आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं।’’

राष्ट्रीय राजधानी की प्रसिद्ध लव कुश रामलीला में मंगलवार को अपनी भागीदारी का जिक्र करते हुए रनौत ने कहा, ‘‘कल जब मैं रावण दहन के लिए दिल्ली पहुंची, तो मुझे लगा कि मुझे इजराइल के दूतावास जाना चाहिए और उन लोगों से मिलना चाहिए, जो आज के आधुनिक रावण और हमास जैसे आतंकवादियों को हरा रहे हैं।’’ इस महीने की शुरुआत में हमास ने इजराइल पर हमला किया था, जिसके बाद इजराइल ने जवाबी हमले किए हैं। इस युद्ध में दोनों तरफ के सैकड़ों लोग मारे गए हैं।

अपनी आने वाली फिल्म ‘‘तेजस’’ के प्रचार में जुटीं रनौत ने कहा, ‘‘जिस तरह से छोटे बच्चों और महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा है, वह दिल दहला देने वाला है। मुझे पूरी उम्मीद है कि आतंकवाद के खिलाफ इस युद्ध में इजराइल विजयी होगा। उनके साथ मैंने अपनी आने वाली फिल्म ‘तेजस’ और भारत के आत्मनिर्भर लड़ाकू विमान तेजस के बारे में चर्चा की।’’

वहीं, गिलोन ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘कंगना रनौत से मुलाकात बहुत अच्छी रही, जो इजराइल को अपना समर्थन देने के लिए हमारे दूतावास में आईं। मैंने न केवल उनके प्रति बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और हमारे भारतीय मित्रों के प्रति भी आतंकवाद के खिलाफ हमारी साझा लड़ाई में उनके अटूट समर्थन के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।’’ फिल्म ‘‘तेजस’’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिसमें रनौत भारतीय वायु सेना के पायलट की भूमिका में हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें