Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘जय सियाराम, धन्य महसूस कर रहा हूं’…रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण मिलने पर बोले PM मोदी

October 26, 2023

‘जय सियाराम, धन्य महसूस कर रहा हूं’…रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण मिलने पर बोले PM मोदी

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण मिलने पर आभार जताया है। पीएम मोदी ने ट्विटर पर लिखा कि “जय सियाराम! आज का दिन बहुत भावनाओं से भरा हुआ है। अभी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी मुझसे मेरे निवास स्थान पर मिलने आए थे। उन्होंने मुझे श्रीराम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर अयोध्या आने के लिए निमंत्रित किया है। मैं खुद को बहुत धन्य महसूस कर रहा हूं। ये मेरा सौभाग्य है कि अपने जीवनकाल में, मैं इस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनूंगा।”

बता दें कि बुधवार को विश्व हिन्दू परिषद के उपाध्यक्ष एवं श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय, मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा, स्वामी विश्वप्रसन्न तीर्थ जी महाराज पेजावर मठ ,उडुपी, कर्नाटक, स्वामी गोविंद देव गिरी जी महाराज पुणे (जो न्यास के कोषाध्यक्ष भी हैं ) पीएम मोदी से मिले थे और उन्हें अयोध्या में अगले साल 22 जनवरी को रामलला के नूतन विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर पधारने के लिए औपचारिक निमंत्रण पत्र प्रस्तुत किया जिस पर प्रधानमंत्री ने सहजता से स्वीकृति दी।

 

अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर बन रहे नए मंदिर में रामलला के नूतन विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में 22 जनवरी 2024 को होगी।

 

4000 संत महात्मा बनेंगे साक्षी

चंपत राय ने बताया कि देश के 4000 संत महात्मा एवं समाज के 2500 प्रतिष्ठित महानुभाव इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनेंगे। बता दें कि नेपाल में गंडकी नदी से शालिग्राम की शिलाओं को मंगा कर उनसे विग्रह का निर्माण किया जा रहा है। मंदिर निर्माण से जुड़े सूत्रों के अनुसार अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण का प्रथम चरण नवंबर के अंत तक पूरा हो जाने की संभावना है।

 

मकर संक्रांति पर सूर्य नारायण के उत्तरायण होने के बाद 18 जनवरी से मंदिर के गर्भगृह में रामलला के नवीन विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के मांगलिक कार्य आरंभ हो जाएंगे तथा 22 जनवरी को विग्रह जन्मभूमि पर स्थापित होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें