Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

राजस्थान में कांग्रेस ने ‘गारंटी यात्रा’ शुरू की

November 7, 2023

राजस्थान में कांग्रेस ने ‘गारंटी यात्रा’ शुरू की

जयपुर: राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने मंगलवार को अपनी ‘गारंटी यात्रा’ की शुरुआत की। इस यात्रा के तहत पार्टी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा घोषित सात ‘गारंटियों’ को आम जनता तक लेकर जाएगी। गहलोत ने राज्य में दोबारा कांग्रेस के नेतृत्व में सरकार बनने पर इन गारंटियों को लागू करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री गहलोत, पार्टी के प्रदेश प्रभारी सुखंजिदर सिंह रंधावा ने यहां मोती डूंगरी गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद यात्रा रवाना की गई।

यात्रा शुरू होने के बाद मुख्यमंत्री गहलोत व मालवीय नगर से पार्टी की प्रत्याशी अर्चना शर्मा एक वाहन में खड़े होकर साथ चले। पार्टी के अन्य नेता व पदाधिकारी यात्रा के साथ पैदल चलते नजर आए। यात्रा शहर के कई हिस्सों से गुजरेगी। पार्टी के प्रवक्ता के अनुसार, राज्य के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में ऐसी यात्राएं निकाले जाने की योजना है।

गहलोत ने सात ‘गारंटियों’ के तहत परिवार की महिला मुखिया को 10,000 रुपये का वार्षिक सम्मान, 1.05 करोड़ परिवारों के लिए 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर देने, पशुपालकों से दो रुपये प्रति किलोग्राम गोबर की खरीद, सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना के लिए कानून की घोषणा की है। इसके अलावा उन्होंने सरकारी कॉलेजों में प्रवेश लेने वाले छात्रों को लैपटॉप या टैबलेट देने, प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए प्रति परिवार 15 लाख रुपये तक का बीमा कवर और अंग्रेजी माध्यम में स्कूली शिक्षा उपलब्ध करवाने की गारंटी दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें