Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Chhattisgarh Election 2023: कांग्रेस की विदाई की उलटी गिनती शुरू, PM मोदी बोले-जनता अब धोखा नहीं खाएगी

November 13, 2023

Chhattisgarh Election 2023: कांग्रेस की विदाई की उलटी गिनती शुरू, PM मोदी बोले-जनता अब धोखा नहीं खाएगी

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के जाने की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। पीएम मोदी ने सोमवार को छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री पद के लिए ढाई-ढाई साल के कांग्रेस के कथित फॉर्मूले को लेकर कहा कि जब ये लोग पार्टी के पुराने नेताओं से वादाखिलाफी कर सकते हैं तब इनका जनता से वादाखिलाफी करना तय है। प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इस चुनाव में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी हार रहे हैं।

 

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस में पुराने सर्मिपत लोग आज किनारे पर बैठे हैं। उनमें बहुत गुस्सा है। उनको लगता है कि उनके साथ धोखा हुआ है। जब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनी थी तब मुख्यमंत्री पद के लिए ढाई-ढाई साल का समझौता हुआ था..लेकिन पहले ढाई साल में ही मुख्यमंत्री जी ने इतना लूटा, इतना भ्रष्टाचार किया तथा लूट के पैसे का अंबार जमा कर दिया। जब ढाई साल पूरे होने का समय आया तब तिजोरी दिल्ली वालों के लिए खोल दी गई।

 

दिल्ली के नेताओं को खरीद लिया गया और समझौता धरा का धरा रह गया।” छत्तीसगढ़ में चर्चा थी कि कांग्रेस ने 2018 में सरकार बनने के दौरान मुख्यमंत्री पद के लिए भूपेश बघेल और वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव के बीच ढाई-ढाई का फॉर्मूला तय किया था। हालांकि, इस फॉर्मूले की कांग्रेस के किसी भी नेता ने पुष्टि नहीं की है। प्रधानमंत्री ने कहा, ”यहां के मुख्यमंत्री के ‘सुपर सीएम’ और उसके चहेते अफसरों ने जो जुल्म किया है उससे भी लोगों में नाराजगी है। उनके (मुख्यमंत्री के) बेटे ने ‘सुपर सीएम’ बनकर जो कारोबार चलाया है उसके कारण यह नौबत आ गई है कि यहां के मुख्यमंत्री का अब MLA बनना भी मुश्किल हो गया है।’’

 

उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान ने स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस का छत्तीसगढ़ से सफाया हो जाएगा। हर जगह यही गूंज सुनाई दे रही है कि तीन दिसंबर को भाजपा आने वाली है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘अपराध मुक्त छत्तीसगढ़, दंगा मुक्त और अत्याचार मुक्त छत्तीसगढ़’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गारंटी है। मुंगेली उन 70 विधानसभा क्षेत्रों में शामिल है जहां 17 नवंबर को दूसरे चरण का मतदान होगा। 20 सीट पर पहले चरण का मतदान 7 नवंबर को हुआ था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें