Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

S. Jaishankar ने Diwali पर लंदन के स्वामी नारायण मंदिर में शांति के लिए की प्रार्थना

November 13, 2023

S. Jaishankar ने Diwali पर लंदन के स्वामी नारायण मंदिर में शांति के लिए की प्रार्थना

लंदनः विदेश मंत्री एस जयशंकर दिवाली के मौके पर यहां बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर गये और उन्होंने वहां दुनियाभर में बसे भारतीयों के लिए शांति, सद्भाव एवं समृद्धि की प्रार्थना की। इससे कुछ घंटे पहले ही उन्होंने ‘डाउनिंग स्ट्रीट’ में ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से भेंट की थी। ‘10 डाउनिंग स्ट्रीट’ प्रधानमंत्री का आवास और कार्यालय है। जयशंकर ब्रिटेन की पांच दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं जिसका उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करना तथा ‘मैत्री संबंधों को नयी गति’ प्रदान करना है।

उन्होंने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘दीपावली पर लंदन में बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर जाने का सौभाग्य मिला। (मैंने) दुनियाभर में बसे भारतीयों के लिए शांति, सद्भाव एवं समृद्धि की प्रार्थना की।’’ उन्होंने दुनियाभर में बसे भारतीयों का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘अपने समुदाय के साथ संवाद कर अच्छा लगा। उनका योगदान दुनियाभर में हमारा कद बढ़ा रहा है।’’ बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था (बीएपीएस) श्री स्वामीनारायण मंदिर ने जयशंकर को समय निकालकर रविवार के दिवाली समारोह में पहुंचने के लिए धन्यवाद दिया।

मंदिर ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ हम आपके सुवचन की प्रशंसा करते हैं जिसने इस समारोह में आए श्रद्धालुओं और स्थानीय समुदाय के आंगुतकों को प्रेरित किया। ग्रेट ब्रिटेन एवं महान भारत के बीच जीवंत सेतु और मजबूत हो।’’ इससे पहले ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और उनकी पत्नी अक्षता मूर्ति ने रविवार को यहां ‘डाउनिंग स्ट्रीट’ में दिवाली के अवसर पर आयोजित ‘चाय पार्टी’ में जयशंकर और उनकी पत्नी क्योको की मेजबानी की। ब्रिटिश प्रधानमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने आज शाम डाउनिंग स्ट्रीट में डॉ. जयशंकर का स्वागत किया। दुनियाभर में भारतीय समुदायों द्वारा दिवाली मनाने की शुरुआत करने के बीच दोनों ने शुभकामनाएं दीं।’’

जयशंकर ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ दिवाली के दिन प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से मिलकर प्रसन्नता हुई। उन्हें मैंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं। भारत और ब्रिटेन समसामियक दौर के अनुरूप आपसी संबंधों को नया रूप देने में सक्रियता से जुटे हैं।’’ उन्होंने प्रधानमंत्री सुनक और उनकी पत्नी को उनका जोरदार स्वागत- सत्कार करने के लिए धन्यवाद भी दिया। विदेश मंत्री ने लिखा, ‘‘ सभी को दिवाली की शुभकामनाएं। दीपों का यह उत्सव सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और अच्छा स्वास्थ्य लाए।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें