Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिवाली पर दिल्ली सरकार का भरा खजाना, दो हफ्ते में बिकीं इतनी शराब…हुई बंपर कमाई

November 14, 2023

दिवाली पर दिल्ली सरकार का भरा खजाना, दो हफ्ते में बिकीं इतनी शराब…हुई बंपर कमाई

नेशनल डेस्क: दिल्ली में दिवाली के त्योहार के दौरान शुक्रवार से रविवार तक लोगों ने करीब 121 करोड़ रुपए मूल्य की 64 लाख शराब की बोतलें खरीदीं। अधिकारियों ने बताया कि आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, दिवाली से एक हफ्ते पहले एक करोड़ से अधिक शराब की बोतलों की बिक्री से सरकार को 234.15 करोड़ रुपए की कमाई हुई।

 

आबकारी विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में होली और दिवाली जैसे त्योहारों के दौरान शराब की बिक्री बढ़ जाती है क्योंकि इसे न केवल व्यक्तिगत उपभोग और भंडारण के लिए खरीदा जाता है बल्कि उपहार के रूप में देने के लिए भी खरीदा जाता है।’’ आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार दिवाली से पहले 17 दिनों में कुल बिक्री तीन करोड़ बोतलों से अधिक थी, जिससे 525.84 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ।

 

अधिकारियों ने बताया कि दिवाली से ठीक पहले शराब की बिक्री में तेजी आई और गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को दुकानों पर क्रमश: 17.33 लाख, 18.89 लाख और 27.89 लाख बोतलें बिकीं। उन्होंने बताया कि दिवाली पर शराब की दुकाने बंद रहीं। अधिकारियों ने बताया कि तीन दिनों में 64 लाख से अधिक बोतलों की इस संयुक्त बिक्री से दिल्ली सरकार को कुल 120.92 करोड़ रुपए की कमाई हुई।

 

उन्होंने बताया कि पिछले साल दिवाली से तीन दिन पहले शराब की बिक्री क्रमश: 13.46 लाख, 15 लाख और 19.39 लाख बोतलों की हुई थी।अधिकारियों ने बताया कि 2022 में दिवाली से पहले के 17 दिनों में दिल्ली में 2.11 करोड़ शराब की बोतलें बेची गईं। इस लिहाज से इस साल बेची गई बोतलों की संख्या करीब 42 प्रतिशत अधिक है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें