Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Assembly Election 2023: चुनाव प्रचार थमने के बाद PM मोदी की MP-छत्तीसगढ़ के लोगों से यह खास अपील

November 15, 2023

Assembly Election 2023: चुनाव प्रचार थमने के बाद PM मोदी की MP-छत्तीसगढ़ के लोगों से यह खास अपील

नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में प्रचार का शोर थमने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दोनों राज्यों के मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश के लोग जहां कांग्रेस की ‘परिवारवादी’ राजनीति और ‘नकारात्मकता’ से नाराज हैं वहीं छत्तीसगढ़ की जनता ने ‘परिवर्तन’ का ‘नया अध्याय’ लिखने की ठान ली है।

 

मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर 17 नवंबर को मतदान होना है जबकि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 17 नवंबर को ही 70 सीटों के लिए मतदान होगा। छत्तीसगढ़ की कुल 90 विधानसभा सीटों में से 20 पर सात नवंबर को मतदान हुआ था। दोनों ही राज्यों में बुधवार शाम को चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा। मतगणना तीन दिसंबर को होगी। पीएम मोदी ने ट्विटर पर मध्य प्रदेश में अपने चुनावी रैलियों व कार्यक्रमों के अनुभवों को साझा करते हुए एक पोस्ट में कहा, ‘‘लोगों में भाजपा के प्रति जो स्रेह है, भाजपा पर जो आस्था है, वो हमारी बहुत बड़ी पूंजी है।’’

 

पीएम मोदी ने दावा किया कि मध्य प्रदेश की नारी शक्ति इस चुनाव में आगे बढ़कर भाजपा का झंडा बुलंद कर रही है। प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के अपने चुनाव अभियान के अनुभव को ‘अद्भुत’ और ‘अभूतपूर्व’ करार दिया और कहा कि यहां के लोग जानते हैं कि ‘कुशासन और भ्रष्टाचार’ के शिकंजे से अगर राज्य को कोई निकाल सकता है तो वह भाजपा ही है। उन्होंने दावा किया भाजपा ने ही छत्तीसगढ़ को बनाया और भाजपा ही उसे संवारेगी भी।

 

पीएम मोदी ने कहा कि जिस तरह राज्य के अनुसूचित जाति व जनजाति और अन्य पिछड़े वर्ग के युवा हमारे विकास मॉडल के साथ जुड़ रहे हैं, वो बहुत उत्साहित करने वाला है। छत्तीसगढ़ के युवाओं की ये शक्ति, परिवर्तन का नया अध्याय लिखने वाली है।’’ उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ महिलाओं ने भी राज्य के विकास की ध्वज पताका खुद उठा ली है क्योंकि आज भारत जिस तरह महिला सशक्तीकरण के लिए प्रयास कर रहा है, उसका प्रभाव छत्तीसगढ़ में भी दिखता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें