Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

Rajasthan की Congress सरकार के लिए भ्रष्टाचार से बड़ा कुछ नहीं : PM Modi

November 20, 2023

Rajasthan की Congress सरकार के लिए भ्रष्टाचार से बड़ा कुछ नहीं : PM Modi

जयपुरः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए सोमवार को आरोप लगाया कि उसके लिए भ्रष्टाचार से बड़ा कुछ नहीं है और वह दलितों के खिलाफ अत्याचार करने वालों को देखकर आंखों पर पट्टी बांध लेती है। पीएम मोदी ने सोमवार को पाली और उसके बाद पीलीबंगा में चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा, कि ‘आज पूरा देश विकसित होने का लक्ष्य हासिल करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहा है। भारत 21वीं सदी में जिस ऊंचाई पर होगा, उसमें राजस्थान की भूमिका बहुत बड़ी होगी। इसलिए राजस्थान में ऐसी सरकार जरूरी है जो राजस्थान के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।’’

उन्होंने कहा कि ‘दुर्भाग्य से यहां पिछले पांच साल राजस्थान में जो कांग्रेस सरकार रही है, उसने लोगों को विकास में और पीछे धकेल दिया। यहां की कांग्रेस सरकार के लिए भ्रष्टाचार से बड़ा कुछ भी नहीं है। यहां की कांग्रेस के लिए परिवारवाद ही सबकुछ है।’’ उन्होंने आरोप लगाया, कि ‘जब से महिला को आरक्षण देने वाला कानून नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित हुआ है तब से इन्होंने महिलाओं के विरुद्ध अभद्र अभियान छेड़ दिया है। घमंडिया गठबंधन के नेताओं ने महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं।’’

पीएम मोदी ने कहा, कि ‘बिहार के मुख्यमंत्री ने तो विधानसभा में महिलाओं के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया। लेकिन मजाल है कि कांग्रेस के किसी भी नेता ने इसके खिलाफ आवाज उठाई हो। यही कांग्रेस का असली चेहरा है जिसे राजस्थान के लोग पहचान गए हैं।’’ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनसंख्या को नियंत्रित करने के लिए महिलाओं में शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए हाल ही में राज्य विधानसभा में एक विवादास्पद टिप्पणी की थी। हालांकि बाद में उन्होंने उसके लिए माफी मांगी थी।

उन्हाेंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री ने एक पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ भी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया क्योंकि वह अति पिछड़े परिवार से हैं। उन्होंने कहा,‘‘ उन्होंने क्यों गालियां दीं क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री अति पिछड़े दलित परिवार से आते हैं इसलिए उनकी बेइज्जती करने में उनको आनंद आता है। कांग्रेस के नेता में इसे इसे गलत कहने का विवेक नहीं है। ’’ प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर दलितों के खिलाफ अत्याचार की घटनाओं पर आंखें मूंद लेने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, कि ‘दलितों के खिलाफ अत्याचार करने वालों को देखकर कांग्रेस आंखों पर पट्टी बांध लेती है। यहां राजस्थान में पांच वर्ष तक दलित परिवारों के साथ हुए अत्याचार पर कांग्रेस ने यही किया है।’’

पीएम मोदी ने कहा कि महिला विरोधी कांग्रेस कभी महिलाओं का कल्याण और उनकी सुरक्षा नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राजस्थान को महिलाओं के खिलाफ अपराध में नंबर एक बना दिया है। कांग्रेस और उसके साथी सनातन को खत्म करने का ऐलान कर रहे हैं जबकि सनातन को खत्म करने का मतलब है राजस्थान की संस्कृति को खत्म करना। तमिलनाडु के युवा कल्याण मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने सितंबर में यह आरोप लगाकर विवाद पैदा कर दिया था कि सनातन धर्म सामाजिक न्याय के खिलाफ है और इसलिए इसे खत्म कर दिया जाना चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें