Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली मेट्रो ट्रेन की चपेट में आने से पटरी पार कर रहे एक युवक की मौत

November 29, 2023

दिल्ली मेट्रो ट्रेन की चपेट में आने से पटरी पार कर रहे एक युवक की मौत

नयी दिल्ली: दिल्ली में कुतुब मीनार मेट्रो स्टेशन पर पटरी पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से 22 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, घटना 12 नवंबर की है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि युवक प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि शव को एम्स ट्रॉमा सेंटर मुर्दाघर में रखा गया है।

अधिकारी ने बताया कि युवक ने पीली शर्ट और नीली जींस पहनी हुई थी और उसकी दाहिनी बांह पर ‘सुनील’ नाम का टैटू बना हुआ था। उन्होंने बताया कि अज्ञात शव का पोस्टमार्टम 23 नवंबर को किया गया था।

अधिकारी ने बताया कि युवक के रक्त के नमूने लिए गए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के वक्त वह नशे में था या नहीं। अधिकारी के मुताबिक, पहचान के लिए उसके दांत सुरक्षित रखे गए हैं। घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें युवक ट्रैक और प्लेटफॉर्म के बीच फंसा नजर आ रहा है।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने यात्रियों को सलाह दी कि वे कभी भी अनाधिकृत रूप से मेट्रो ट्रैक पार करने या उस पर चलने का प्रयास न करें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें