Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

वैमनस्य बढ़ाने वाली सामग्री पोस्ट करने को जम्मू-कश्मीर में अपराध माना जाएगा: जम्मू डीजीपी

December 1, 2023

वैमनस्य बढ़ाने वाली सामग्री पोस्ट करने को जम्मू-कश्मीर में अपराध माना जाएगा: जम्मू डीजीपी

जम्मू: जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आर आर स्वैन ने बृहस्पतिवार को कहा कि सोशल मीडिया पर वैमनस्य को बढ़ावा देने वाली कोई भी सामग्री पोस्ट करना केंद्र शासित प्रदेश में अपराध होगा।स्वैन ने कहा कि दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत एक नया प्रावधान लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘आतंकवादियों, अलगाववादियों या राष्ट्र-विरोधी तत्वों’’ द्वारा ऐसे संदेश या वीडियो पोस्ट करना अपराध होगा।उन्होंने कहा, ‘‘सीआरपीसी की धारा 144 के तहत हमने सांप्रदायिक वैमनस्य को भड़काने वाली और आतंकित या धमकी वाली किसी भी प्रकार की सामग्री को पोस्ट किए जाने के संबंध में एक कानून लाने का फैसला किया है।’’

स्वैन ने जम्मू में संवाददाताओं से कहा, ‘‘चाहे वे आतंकवादी हों, अलगाववादी हों या राष्ट्र-विरोधी तत्व हों, ऐसे संदेश और वीडियो पोस्ट करना कानून के मुताबिक अपराध होगा।’’ डीजीपी ने कहा कि कानून बनाए जाने से पहले इस पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया ली जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसी सामग्री को ‘फॉरवर्ड’ करने और साझा करने वालों को भी कानूनी परिणाम भुगतने होंगे। स्वैन ने लोगों से ऐसी सामग्री की शिकायत नजदीकी थाने में करने का आग्रह किया।उन्होंने कहा कि पैगंबर मुहम्मद के सम्मान को नुकसान पहुंचाने वाले वीडियो समेत ऐसे वीडियो पोस्ट करना और इसे आगे बढ़ाना अपराध होगा। स्वैन ने कहा, ‘‘हम ऐसे लोगों को सूचीबद्ध करेंगे, यह सुनिश्चित करेंगे कि ऐसा काम करने पर उन्हें नुकसान का सामना करना पड़े।’’

ऐसी सामग्री के ‘‘विघटनकारी प्रभाव’’ पर प्रकाश डालते हुए डीजीपी ने कहा कि यह ‘‘डर’’ पैदा करता है जिसके कारण कॉलेज और स्कूल बंद हो जाते हैं।स्वैन ने कहा कि पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल ऐसी सामग्री बनाते और पोस्ट करते हैं जो ‘‘स्थानीय स्तर पर कुछ तत्वों द्वारा परेशानी पैदा करने और शांति को नुकसान पहुंचाने के लिए साझा की जाती है।’’ उन्होंने कहा कि पुलिस कश्मीर के लोगों के साथ मिलकर ‘‘ऐसे उपद्रवियों को अलग-थलग’’ करने के लिए काम करेगी।एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कुछ शैक्षणिक संस्थानों में हालिया विरोध प्रदर्शन की पृष्ठभूमि में जम्मू कश्मीर में कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की।

श्रीनगर में, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) ने कुछ शैक्षणिक संस्थानों में हालिया विरोध प्रदर्शन की पृष्ठभूमि में जम्मू कश्मीर में कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की।पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘मौजूदा स्थिति की समीक्षा करने के लिए एडीजीपी-कानून और व्यवस्था, जम्मू कश्मीर, विजय कुमार ने कश्मीर में पुलिस, सीएपीएफ (केंद्रीय सश पुलिस बल) और खुफिया विंग की एक बैठक की अध्यक्षता की। अधिकारियों ने एडीजीपी को पिछले कुछ दिनों के दौरान जम्मू कश्मीर पुलिस द्वारा संभाले गए मामलों की जानकारी दी।’’ प्रवक्ता ने कहा कि कुमार ने कानून लागू करने वाली एजेंसियों की ‘‘समय पर कार्रवाई’’ के लिए सराहना की और परिपक्वता दिखाने के लिए समाज की भी सराहना की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें