Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर विष्णु देव साय को दी बधाई

December 13, 2023

प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर विष्णु देव साय को दी बधाई

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर विष्णुदेव साय को बधाई दी और उम्मीद जताई कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध इस राज्य की जन-आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।

छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने साइंस कॉलेज मैदान में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान साय को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। साय के साथ ही भाजपा विधायक अरुण साव और विजय शर्मा ने भी मंत्री पद की शपथ ली। दोनों को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। यह पहला मौका है, जब राज्य में दो उपमुख्यमंत्री बनाये गये हैं। उनसठ (59) वर्षीय साय छत्तीसगढ़ के चौथे मुख्यमंत्री हैं।

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा को बहुत-बहुत शुभकामनाएं!’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेरा यह दृढ़ विश्वास है कि सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध इस राज्य की भाजपा सरकार जन आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी। प्रदेशवासियों के जीवन में समृद्धि और खुशहाली लाने के लिए डबल इंजन सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।’’ प्रधानमंत्री केंद्र एवं राज्य में एक ही पार्टी की सरकार को अक्सर डबल इंजन सरकार कहते हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद थे। उनके अलावा भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें