Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

घुटने की सर्जरी से जल्द उबरने उम्मीद: स्टोक्स

December 15, 2023

घुटने की सर्जरी से जल्द उबरने उम्मीद: स्टोक्स

लंदन: इंग्लैंड के स्टार ऑल राउंडर और टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने शुक्रवार को कहा कि पिछले महीने घुटने की सर्जरी के बाद उनका रिहैब्लिटेशन (इलाज से उबरने की प्रक्रिया) अच्छा चल रहा है और उन्हें अगले दो सप्ताह में और प्रगति की उम्मीद है। अगले साल जनवरी में भारत में होने वाली टेस्ट श्रृंखला के लिये फिट रहने की कवायद में 32 वर्ष के स्टोक्स ने 29 नवंबर को अपने बायें पैर की सर्जरी कराई है । स्टोक्स इस साल आस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरूआती तीन एशेज टेस्ट में गेंदबाजी नहीं कर सके थे और विश्व कप में भी बतौर बल्लेबाज ही खेले थे ।

उन्होंने इस महीने की शुरूआत में कहा था कि वह विश्व कप के बाद ऑपरेशन करायेंगे । स्टोक्स ने सर्जरी के बाद जिम में अपने वर्कआउट का एक वीडियो शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर साझा किया। इसमें वह हलके अभ्यास करते हुए दिख रहे हैं।

उन्होंने इस पोस्ट के साथ लिखा, ‘‘घुटने के ऑपरेशन के बाद दो सप्ताह। शुरुआती दो सप्ताह में सूजन को कम करने के लिए लगातार बर्फ का इस्तेमाल हुआ। इसके साथ ही घुटने में हरकत बनाये रखने के लिए हलके व्यायाम किए गए।’’ इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान ने कहा, ‘‘जिम में कुछ काम शुरू करने में सक्षम होना बहुत अच्छा है, अगले दो सप्ताह में अच्छी प्रगति की उम्मीद है। रिहैब्लिटेशन वास्तव में अच्छा चल रहा है।’’ स्टोक्स का लक्ष्य जल्द ही प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करना है। उनकी नजर अगले महीने 25 जनवरी से हैदराबाद में शुरू होने वाले इंग्लैंड के भारत के टेस्ट दौरे पर है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें