Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

PCB ने विदेशी कोच मिकी आर्थर और दो अन्य को बाहर किया

January 9, 2024

PCB ने विदेशी कोच मिकी आर्थर और दो अन्य को बाहर किया

कराची: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने विश्व कप सहित हाल के दिनों में सीनियर टीम के खराब प्रदर्शन के बाद अपने विदेशी कोच मिकी आर्थर, ग्रांट ब्रैडबर्न और एंड्रयू पुटिक से सौहार्दपूर्ण तरीके से अलग होने का फैसला किया है। बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि पीसीबी अध्यक्ष जका अशरफ और मुख्य परिचालन अधिकारी सलमान नसीर तीनों के साथ अंतिम समझौते पर बातचीत करेंगे।

एशिया कप और विश्व कप के दौरान पाकिस्तान टीम प्रबंधन का हिस्सा रहे इन तीनों ने भारत से लाहौर लौटने के बाद छुट्टियां लेने का फैसला किया और उन्हें सूचित किया गया कि अब राष्ट्रीय टीम के साथ उनकी सेवाओं की आवश्यकता नहीं है।तीनों को बताया गया कि पीसीबी ने फैसला किया है कि वे राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में काम करेंगे क्योंकि उन्होंने मोहम्मद हफीज को पाकिस्तान टीम का निदेशक और नए कोच नियुक्त किए हैं।

लेकिन पीसीबी को पता चला कि इन तीनों के अनुबंध में ऐसा कोई नियम नहीं था जो उन्हें एनसीए में स्थायी रूप से काम करने के लिए मजबूर करता हो क्योंकि उन्होंने पाकिस्तान टीम के साथ काम करने के लिए अनुबंध किया था। अधिकारी ने कहा, ‘‘मिकी पहले से ही डर्बीशर के साथ है और पुटिक तथा ब्रैडबर्न को नई जिम्मेदारियां मिल गई हैं इसलिए कुछ विचार-विमर्श के बाद मामले को सौहार्दपूर्ण ढंग से समाप्त करने और उन्हें उनके अनुबंध से मुक्त करने का निर्णय लिया गया।’’

उन्होंने स्वीकार किया कि बोर्ड तीनों को मुआवजे के तौर पर कुछ महीनों का वेतन देगा।उन्होंने यह भी पुष्टि की कि बल्लेबाजी कोच पुटिक ने अनुबंध स्वीकार करने से पहले पीसीबी को अफगानिस्तान के साथ अपने नए कार्यभार के बारे में सूचित किया था।इसी तरह ब्रैडबर्न ने भी पीसीबी को सूचित किया था कि इंग्लिश काउंटी ग्लेमोर्गन उन्हें अपने मुख्य कोच के रूप में नियुक्त करना चाहती थी।नया टीम निदेशक और कोच होने के बावजूद आॅस्ट्रेलिया में पाकिस्तानी टीम का टेस्ट श्रृंखला में 0-3 से सूपड़ा साफ हो गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें