Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

इडिया गठबंधन में जल्द होगा सीटों का बंटवारा : सचिन पायलट

January 12, 2024

इडिया गठबंधन में जल्द होगा सीटों का बंटवारा : सचिन पायलट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। पार्टी के नए प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने यहां गुरुवार को कहा कि इंडिया गठबंधन में जल्द ही सीटों का बंटवारा हो जाएगा। विधानसभा चुनाव में मिली हार आश्चर्य जनक है, इस तरह के नतीजों पर किसी को यकीन नहीं हो रहा है। पायलट ने कहा कि जहां जो पार्टी मजबूत है, उसे गठंधन के घटक दल समर्थन देंगे। कुछ ऐसे राज्य हैं, जहां कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होगा। लोकसभा चुनाव आने वाले हैं, ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। छत्तीसगढ़ की 11 सीटें बहुत महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, ‘कांग्रेस एक परिवार की तरह है। हम लोगों को अपना दायित्व निभाना है। आने वाले लोकसभा, नगर निगम, नगर पंचायत, जिला पंचायत, पंचायत सभी चुनाव में हमें जीत हासिल करनी है। आप दृढ़ संकल्पित रहेंगे तो परिणाम बहुत बेहतर आ सकते हैं। कांग्रेस के हर कार्यकर्त्ता के जज्बे को सलाम है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस मजबूत है, यह सबको पता है। हमसब मिलकर राहुल गांधी की भारत न्याय यात्र को सफल बनाएंगे। हमें अपने कार्यकर्ताओं को मान-सम्मान देना है। लोकसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की विफलताओं के बारे में बताना है। उन्हें अच्छी तरह समझाना है कि सरकार चंद उद्योगपतियों के लिए ही काम करती है। इस सरकार के रहते आम जनता का भला नहीं होने वाला है।‘

पायलट ने आगे कहा, ‘केंद्र में जब कांग्रेस की मनमोहन सरकार थी, तब 14 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए थे। कांग्रेस की सरकार ने जनता को सूचना का अधिकार, शिक्षा का अधिकार, भोजन का अधिकार, सारे अधिकार दिए। इस सरकार ने अखबार, इश्तिहार, व्हाट्सएप, होर्डिंग, चमक-दमक से सिर्फ लोगों को गुमराह किया है। काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ेगी। आज हर वर्ग परेशान है, आज युवाओं का भविष्य अंधकारमय है। पूरे देश में धर्म के नाम पर राजनीति करके वोट बटोरने की कोशिशि की जा रही है। कांग्रेस संविधान को मानते हुए धर्म को राजनीति से अलग रखने में विश्वास करती है, इसलिए हम राजनीति में धर्म के इस्तेमाल का विरोध करते हैं।‘

उन्होंने कहा, ‘आज हमारी जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को और मजबूत करने की है। आज से चार साल 11 महीने बाद छत्तीसगढ़ में फिर से कांग्रेस की सरकार बने, इस दिशा में काम करने की जरूरत है। सबको साथ लेकर काम करना है। हर तरफ हो रहे अन्याय के खिलाफ 14 जनवरी से राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्र शुरू होने वाली है। इस यात्र को कामयाब बनाना है। लोकतंत्र को बचाना है। इसलिए कार्यकर्ता लोगों तक जाएं, गांवों, कस्बों में जाकर हमारी विचारधारा से सहमत लोगों से जाकर मिलें। डोनेट फॉर देश के लिए हम जिलावार प्रभारी बनाएंगे। सब मिलकर संगठन को और मजबूत बनाएंगे।‘

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें