Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

संसद एवं विधानसभाओं में विपक्ष की सबसे बड़ी ताकत सदन के चलने में: धनखड़

January 20, 2024

संसद एवं विधानसभाओं में विपक्ष की सबसे बड़ी ताकत सदन के चलने में: धनखड़

रायपुर: उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि संसद एवं विधानसभाओं में विपक्ष की सबसे बड़ी ताकत सदन के चलने में है। सदन में अनावश्यक व्यवधान को जनता पसंद नहीं करती है। धनखड़ ने आज छत्तीसगढ़ विधानसभा में नवनिर्वाचित विधायकों के लिए आयोजित प्रबोधन कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि सदन नियमों से चलता है। सभी सदस्यों को इन नियमों को मानना होता है। जनता चाहती है कि सदन में उनके मुद्दों पर चर्चा-परिचर्चा हो और जनप्रतिनिधियों द्वारा जनकल्याणकारी निर्णय लिए जाएं। उन्होने कहा कि विपक्ष द्वारा सरकार की आलोचना रचनात्मक और समाधानपूर्ण होना चाहिए।

उन्होने कहा कि विपक्ष को जनता के मुद्दों को टेलीस्कोप की तरह देखना चाहिए और सरकार के काम पर माइक्रोस्कोप की तरह नजर रखना चाहिए। राज्य के धन का सदुपयोग हो,यह बजट चर्चा के दौरान आप लोगों को देखना चाहिए। उन्होंने सभी विधायकों से अपील की कि छत्तीसगढ़ को विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाएं। उन्होंने संविधान के प्रावधानों के पालन पर विस्तृत रूप से प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान में मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों का भी उल्लेख हैं। सदन में कानून के निर्माण में सदस्यों की भूमिका सदैव रचनात्मक होनी चाहिए।


धनखड़ ने कहा कि-विपक्ष की सबसे बड़ी ताकत सदन के चलने में है।यदि किसी मुद्दे पर सदन में चर्चा के बाद उसका समाधान नहीं होता है तो वह मुद्दा सड़क पर आ जाता है।उन्होंने कहा कि विपक्ष सरकार को आईना दिखाती है।उन्होंने छत्तीसगढ़ विधानसभा के सदस्यों को संसद के नए भवन को देखने हेतु आमंत्रित किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें