Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

कांग्रेस ने पीएम मोदी पर कसा तंज, कहा-प्रधानमंत्री को मणिपुर जाने का वक्त नहीं मिला

January 21, 2024

कांग्रेस ने पीएम मोदी पर कसा तंज, कहा-प्रधानमंत्री को मणिपुर जाने का वक्त नहीं मिला

नई दिल्ली। कांग्रेस ने मणिपुर के स्थापना दिवस पर लोगों को बधाई देने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर रविवार को निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए शुभकामनाएं दी हैं लेकिन उन्हें राज्य का दौरा करने का ‘‘वक्त नहीं मिला है और न ही उन्होंने इसे जरूरी समझा’’ जो पिछले साल तीन मई के बाद से इतनी पीड़ा से गुजर रहा है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि राज्य में हिंसा जारी है और सामाजिक सौहार्द नष्ट हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने चुप्पी साधी हुई है और मणिपुर के नेताओं और दलों से मुलाकात करने से इनकार कर रहे हैं।

रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मणिपुर के स्थापना दिवस पर ट्वीट करते हैं लेकिन उन्हें इस राज्य का दौरा करने का वक्त नहीं मिला है और न ही उन्होंने इसे जरूरी समझा है जो तीन मई 2023 के बाद से ही इतने दर्द और पीड़ा से गुजर रहा है।’’ कांग्रेस के संचार के प्रभारी महासचिव ने कहा, ‘‘राज्य की जनता की परेशानी बरकरार है। हिंसा जारी है। सामाजिक सौहार्द नष्ट हो गया है लेकिन प्रधानमंत्री की चुप्पी बरकरार है और वह राज्य के नेताओं और राजनीतिक दलों से मुलाकात करने से इनकार कर रहे हैं।’’ रमेश ने कहा, ‘‘सोशल मीडिया के माध्यम से उन्होंने जो शुभकामनाएं दी हैं, वे उनके पाखंड का एक और प्रदर्शन है।’’ इससे पहले, मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मणिपुर के स्थापना दिवस पर, राज्य के लोगों को मेरी शुभकामनाएं। मणिपुर ने भारत की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें राज्य की संस्कृति और परंपराओं पर गर्व है। मैं मणिपुर के निरंतर विकास के लिए प्रार्थना करता हूं।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें