Last Updated: November 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

चंद घंटों में खत्म होगा रामभक्तों का सदियों लंबा इंतजार, दुल्हन की तरह सजी है अयोध्या

January 22, 2024

चंद घंटों में खत्म होगा रामभक्तों का सदियों लंबा इंतजार, दुल्हन की तरह सजी है अयोध्या

अयोध्या। तिथि द्वादशी, दिन सोमवार, अभिजीत मुहुर्त में दोपहर करीब 12 बज कर 28 मिनट पर मंगल ध्वनि के बीच मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की श्याम वर्ण किशोरावस्था प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा और 1949 से पूजित प्रतिमाओं के दर्शन पूजन के साथ दुनिया के करोड़ों रामभक्तों के नेत्रों से खुशी की अमृत धारा बह निकलेगी जब वे अपने आराध्य को भव्य मंदिर में विराजते देखेंगे। लगभग पांच सदी के लंबे इंतजार के बाद इस शुभ घड़ी के आते ही श्रीरामजन्मभूमि आंदोलन में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले कारसेवकों, राजनीतिज्ञों और संत महात्माओं की आत्माओं को भी मोक्ष की प्राप्ति होगी। वहीं उन तमाम साधु संत, धर्माचार्य, बुद्धिजीवी और राजनेताओं का जीवित रहते खुली आंखों से भव्य मंदिर में रामलला को विराजते देखने का सपना पूरा होगा।
इस सपने को साकार होता देखने की खातिर अयोध्या आज सारी रात जागती रही। रामनगरी का कोई ऐसा मोहल्ला, गली नहीं होगी जहां रात का सन्नाटा पसरा हो। सड़कों पर मेले जैसा नजारा, श्रद्धालुओं की भीड़ अपने आराध्य प्रभु श्रीराम के आगमन की तैयारी में ठीक वैसे ही लगी रही जैसा कि शास्त्रों में त्रेता युग में वनवासी राम के अपने महल में वापसी के समय वर्णित किया गया है।

जगह-जगह अखंड रामायण का पाठ रविवार शाम से ही शुरु हो चुका था जबकि भोर चार बजे से ही सरयू तट पर स्नान ध्यान, मंदिरों में बजते घंटे घड़ियाल इस बात की तस्कीद करा रहे थे कि रामभक्तों की बेचैनी प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर किस कदर चरम पर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 10.45 पर अयोध्या हैलीपैड पर उनका आगमन होगा। यहां से वो सीधे राम जन्मभूमि स्थल पर पहुंचेंगे। इसके बाद 11 बजे से 12 बजे तक वह विभिन्न आयोजनों में हिस्सा लेंगे, जबकि दोपहर 12.05 बजे से 12.55 तक प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन होगा। दोपहर एक बजे कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह समारोह स्थल पर पहुंचेंगे, जहां अन्य विशिष्ट अतिथियों के साथ ही पूरे देश और दुनिया को संबोधित करेंगे। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अपना उद्बोधन देंगे।

समारोह के अनुष्ठान की सभी प्रक्रियाओं का समन्वय, समर्थन और मार्गदर्शन करने वाले 121 आचार्य होंगे। वाराणसी के गणोशवर शास्त्री द्रविड़ सभी प्रक्रियाओं की निगरानी, समन्वय और दिशा-निर्देशन करेंगे तथा काशी के लक्ष्मीकांत दीक्षित मुख्य आचार्य होंगे। श्रीरामजन्मभूमि पर भव्य राममंदिर में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में काशी के डोम राजा समेत विभिन्न वर्गों से 15 यजमान सपत्नीक शामिल होंगे। भव्य और दिव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर समाज के निचले पायदान से भी भागीदारी सुनिश्चित की गयी है। उदयपुर से वनवासी कल्याण आश्रम के अध्यक्ष रामचन्द्र खराड़ी, असम से राम कुई जेमी, गुरुचरण सिंह गिल जयपुर, कृष्ण मोहन हरदोई रमेश जैन मुल्तानी, अझलारासन तमिलनाडु, विट्ठल राव कामले मुम्बई, महादेव गायकवाड़ घुमंतू समाज, ट्रस्ट लातूर महाराज, श्री लिंगराज वासवराज अप्पा, कलबुर्गी कर्नाटक, दिलीप वाल्मीकी लखनऊ, अनिल चौधरी, डोमराजा काशी औकर काशी के ही कैलाश यादव, कवीन्द्र प्रताप सिंह तथा पलवल हरियाणा के अरुण चौधरी प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के यजमान होंगे।

प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा देश के दिग्गज उद्योगपति, खेल और फिल्मी दुनिया के सितारों समेत अन्य गणमान्य उपस्थित रहेंगे। नवनिर्मित भव्य मंदिर में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के विराजमान का साक्षी बनने को तैयार देश दुनिया के करोड़ों रामभक्त अपनी इस प्रसन्नता को व्यक्त करने के लिये देर शाम घी के दीपक जलायेंगे जिससे देश में दिवाली सा माहौल होगा।

पूरे अयोध्या धाम को फूलों से सजाया गया है
प्राण प्रतिष्ठा के लिए राम मंदिर परिसर समेत पूरे अयोध्या धाम को फूलों से सजाया गया है। जन्मभूमि स्थान में अलग-अलग तरह के देशी विदेशी फूलों से सजावट की गई है, जबकि जन्मभूमि पथ, राम पथ, धर्म पथ और लता चौक पर भी सुंदर फूलों की सजावट है। विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच बनाए गए हैं। विभिन्न धर्माचार्यों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर राम कथा का आयोजन हो रहा है तो विभिन्न देशों की रामलीलाओं का मंचन भी किया जा रहा है। लता चौक पर लगी वीणा को भी लाइटिंग और फूलों के अछ्वुत संगम से रौशन किया गया है। पूरे अयोध्या धाम में म्यूरल पेंटिंग और वॉल पेंटिंग के माध्यम से भगवान श्रीराम की जीवनी से जुड़े अलग-अलग अध्यायों का चित्रण किया गया है।

अयोध्या धाम का ऐसा कोई स्थान नहीं जो फूलों से या एलईडी लाइटिंग से रौशन न किया गया हो
राम की पैड़ी में सरयू आरती के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ लेजर शो धार्मिक अलख जगा रही है। अयोध्या धाम का ऐसा कोई स्थान नहीं जो फूलों से या एलईडी लाइटिंग से रौशन न किया गया हो। यही नहीं, अयोध्या आने वाले विभिन्न हाईवे भी फूलों और लाइट से सजाए गए हैं। कुल मिलाकर अयोध्या में स्वर्ग जैसा अहसास हो रहा है। इसके साथ ही सूर्यास्त के बाद अयोध्या में दस लाख दीयों से दीपोत्सव की भी तैयारी की गई है। वहीं पूरे देश और दुनिया में भी दीपोत्सव मनाया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें