Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

IND vs ENG: दूसरे दिन का खेल खत्म, भारत का पहली पारी में स्कोर 421/7

January 27, 2024

IND vs ENG: दूसरे दिन का खेल खत्म, भारत का पहली पारी में स्कोर 421/7

भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे हैदराबाद टेस्ट के आज दूसरे दिन का खेल हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लिश टीम ने अपनी पहली पारी में 246 रन बनाए। भारत ने गुरुवार को अपनी पहली पारी में एक विकेट पर 119 रन से आगे खेलना शुरू किया और दिन का खेल खत्म होने तक सात विकेट पर 421 रन बना लिए हैं। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल शतक से चूक गए। वहीं, रवींद्र जडेजा शतक के करीब हैं।

भारत और इंग्लैंड के बीच हैदराबाद में खेले जा रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन का खेल समाप्त हो चुका है। इंग्लैंड की पहली पारी 246 रन पर सिमट गई थी। उसके जवाब में भारत ने अपनी पहली पारी में सात विकेट पर 421 रन बना लिए हैं। फिलहाल टीम इंडिया की इंग्लैंड पर 175 रन की लीड हो चुकी है। रवींद्र जडेजा 81 रन और अक्षर पटेल 35 रन बनाकर नाबाद हैं।

दूसरे दिन भारत ने एक विकेट पर 119 रन से आगे खेलना शुरू किया और अब तक 302 रन जोड़ लिए हैं। भारत को शुक्रवार का पहला झटका यशस्वी जायसवाल के रूप में लगा था। जो रूट ने दिन के पहले ही ओवर में उन्हें पवेलियन भेजा। रूट ने उनका कैच अपनी ही गेंद पर लपका।

यशस्वी शतक से चूक गए और 80 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, आज का दूसरा झटका शुभमन गिल के रूप में लगा। उन्हें टॉम हार्टले ने बेन डकेट के हाथों कैच कराया। वह 23 रन बना सके। इसके बाद केएल राहुल ने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी निभाई। श्रेयस बड़े शॉट के चक्कर में विकेट गंवा बैठे। श्रेयस अय्यर 35 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें रेहान अहमद ने हार्टले के हाथों कैच कराया।

वहीं, राहुल ने टेस्ट करियर का 14वां अर्धशतक जड़ा। ऐसा लग रहा था कि वह शतक लगा लेंगे, लेकिन 86 रन के निजी स्कोर पर उन्हें हार्टले ने रेहान अहमद के हाथों कैच कराया। आउट होने से पहले राहुल ने रवींद्र जडेजा के साथ 65 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद जडेजा और केएस भरत ने मोर्चा संभाला दोनों ने 68 रन की साझेदारी निभाई। जडेजा ने टेस्ट करियर का 20वां अर्धशतक लगाया।

जो रूट ने इस मैच में दूसरी सफलता हासिल की। उन्होंने केएस भरत को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। भरत 41 रन बना सके। भारत को 358 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। रविचंद्रन अश्विन एक रन बनाकर रन आउट हो गए। अश्विन और जडेजा एक समय पर एक ही छोर पर थे। हालांकि, जडेजा पहले क्रीज के अंदर आए तो अश्विन को रन आउट दिया गया। इसके बाद जडेजा ने अक्षर के साथ अब तक आठवें विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी कर ली है।

जडेजा 155 गेंद में सात चौके और दो छक्के की मदद से 81 रन और अक्षर 62 गेंद में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाकर खेल रहे हैं। इंग्लैंड की ओर से हार्टले और रूट को दो-दो विकेट मिले हैं। जैक लीच और रेहान अहमद को एक-एक विकेट मिला।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें